संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। गांव मंसूरपुर में एक अधेड़ चोटिल हो गया, जिसे परिजनों ने चंडीगढ़ के अस्पताल भर्ती कराया। सूचना पाकर पहुंची रादौर पुलिस को पहले घायल ने बयान दिए थे कि रास्ते में आए कुत्ते को बचाने के चक्कर में वह बाइक से गिर गया, वहीं अब थाने में शिकायत देकर साले पर साथियों के साथ मिलकर लाठी-डंडों से पिटाई के आरोप लगा दिए हैं।
पुलिस ने शिकायत लेकर दोनों पक्षों को रविवार को थाने में बुलाया है। पुलिस को दी शिकायत में गांव मंसूरपुर निवासी राकेश कुमार उर्फ रिंकू ने बताया कि उन्होंने अपने बेटे को किसी बात पर डांट दिया था। इससे नाराज उनकी (राकेश) पत्नी ने अपने भाई (राकेश का साला) को फोन कर बुलाया। साला अपने साथियों के साथ गांव मंसूरपुर पहुंच गया। इन लोगों ने आते ही उसे (राकेश) लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया।
इसके बाद वह मौके से भाग गए। बाद में परिजन उसे (राकेश) अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसे चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया। थाना प्रभारी राजपाल ने बताया कि अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस घायल के बयान लेने गई थी, तब घायल ने बताया था कि रास्ते में आए कुत्ते को बचाते समय वह बाइक से गिरकर घायल हुआ है। अब थाने में शिकायत दी गई है, जिसकी जांच की जा रही है। इस पर दोनों पक्षों को बुलाया गया है।