जगाधरी। जगाधरी पांवटा साहिब नेशनल हाईवे 73ए पर गांव मुकारमपुर बस अड्डा के पास डंपर की टक्कर लगने से बाइक सवार हलवाई छौली निवासी विजय कुमार की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डंपर बाइक सवार को टक्कर मारकर काफी दूर तक घसीटता ले गया था। पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
बिलासपुर क्षेत्र के छौली गांव निवासी संदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका भाई 55 वर्षीय विजय कुमार हलवाई का कार्य करता था। वह सुबह लगभग आठ बजे बाइक पर जगाधरी किसी काम से आ रहा था। जब वह मुकारमपुर बस अड्डा के पास पहुंचा तभी डंपर चालक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। विजय बाइक सहित डंपर के पहिए में फंस गया।
डंपर चालक उसे घसीटते हुए काफी दूर तक ले गया। राहगीरों के शोर मचाने पर चालक ने डंपर को रोका। हादसे में विजय कुमार के सिर में गंभीर चोट लगी। उसके नाक, कान व मुंह से खून बहने लगा। लोग उसे अस्पताल ले गए, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। संवाद