प्रतापनगर (यमुनानगर)। बीकेडी रोड पर देवधर के पास रेत से भरे डंपर ने दवा लेकर लौट रहे बाइक सवार दंपती को कुचल दिया। हादसे में दंपती की मौके पर ही मौत हो गई। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने शवों को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। उनकी मांग थी कि आरोपी डंपर चालक पर केस दर्ज कर तुरंत गिरफ्तार किया जाए और मार्ग से खनन सामग्री से भरे ओवरलोड वाहनों की आवाजाही तत्काल प्रभाव से बंद की जाए। सूचना मिलने के बाद मौके पर छछरौली एसडीएम और तहसीलदार तथा प्रतापनगर थाने की टीम पहुंची। इसके बाद आरोपी डंपर चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया। साथ ही उसकी जल्द गिरफ्तारी और ओवरलोड वाहनों पर अंकुश लगाने का आश्वासन दिया गया, जिससे ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ।
देवधर निवासी ग्रामीण चंद्रपाल ने बताया कि शुक्रवार सुबह लगभग 10 बजे देवधर निवासी सुभाष-45 अपनी पत्नी स्वर्णा-40 के साथ बाइक से पास के गांव में दवा लेने गया था और वापस घर लौट रहा था। इस दौरान जैसे ही वह गुर्जर कन्या गुरुकुल महाविद्यालय देवधर के पास पहुंचा तो सामने से आ रहे तेज रफ्तार रेत से भरे डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दंपती बाइक समेत सड़क पर गिर गया। इसके बाद डंपर चालक उन्हें कुचलता हुआ आगे निकल गया। इससे मौके पर ही दंपती की मौत हो गई। सूचना मिलते ही सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। दंपती की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस को शव उठाने से रोक दिया। ग्रामीण मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों को बुलाने और कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। ग्रामीणों ने कहा कि जिला प्रशासन के उच्च अधिकारी जब तक मौके पर पहुंचकर उनकी बात नहीं सुनते तो वह शव नहीं उठाने देंगे। ग्रामीणों की मांग पर एसडीएम छछरौली राजेश पुनिया, डीएसपी छछरौली महावीर सिंह, तहसीलदार छछरौली सुदेश मेहरा मौके पर पहुंचे। परिजनों ने आरोपी डंपर चालक के खिलाफ एसडीएम को शिकायत दी। मामले में ठोस कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ। इसके बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
ग्रामीणों ने तहसीलदार को समझ लिया आरटीए, लगाए गंभीर आरोप
जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों को समझाने पहुंची तहसीलदार छछरौली के मौके पर पहुंचते ही ग्रामीणों ने विरोध तेज कर दिया। पुलिस के अलावा उन्होंने आरटीए और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। जब तहसीलदार ग्रामीणों को समझाने लगे तो ग्रामीणों ने कहा कि यह सब आपकी जानकारी में है। आपको सभी गाड़ियों की जानकारी है। एक ग्रामीण ने सीधा आरोप लगाया कि आप गाड़ी पकड़ते हो और पैसे लेकर छोड़ देते हो। ग्रामीण द्वारा लगाए गए आरोपों को खंडन करते हुए तहसीलदार छछरौली ने कहा कि ओवरलोड ट्रकों पर कार्रवाई करना उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं है। उन्होंने कभी कोई गाड़ी पकड़ी ही नहीं, जिसके बाद तहसीलदार ने कहा कि वह आरटीए नहीं है। ग्रामीणों को गलतफहमी हुई है।
-
वर्जन
एसडीएम राजेश पूनिया ने बताया कि मृतक के परिजनों की तरफ से खनन अधिकारी, ट्रांसपोर्ट अधिकारी, क्रशर संचालक और डंपर चालक तथा संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग गई है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्रताप नगर थाना पुलिस ने आरोपी डंपर चालक पर केस दर्ज कर लिया है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।