संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। शिक्षा विभाग की ई-अधिगम योजना का विद्यार्थियों को पूरी तरह लाभ नहीं मिल पा रहा है। हर साल विद्यार्थियों को योजना का लाभ देने में दिक्कत आ रही है। इस साल भी योजना का सभी विद्यार्थियों को अभी तक लाभ नहीं मिल पाया है। आधा सत्र बीत गया है और जिले के विभिन्न स्कूलों के करीब 2000 से ज्यादा विद्यार्थियों के पास टैबलेट चलाने के लिए सिम कार्ड नहीं है।
वहीं कुछ विद्यार्थी ऐसे भी हैं, जिसके पास टैबलेट नहीं हैं। इन विद्यार्थियों ने दाखिला देरी से लिया है। जिनके लिए टैबलेट की व्यवस्था तो हो गई है, लेकिन सिम नहीं मिल पाया है। सिम न होने से विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाई में दिक्कत आ रही है। वहीं, शिक्षा विभाग परीक्षा को लेकर इस माह डेटशीट जारी कर सकता है।
ऐसे में विद्यार्थियों का प्रदर्शन खराब हो सकता है। सिम न होने से कक्षा के दौरान स्कूल का वाई-फाई इस्तेमाल करना पड़ रहा है, लेकिन ज्यादा डिवाइस व लोड होने के कारण इंटरनेट की स्पीड नहीं मिल पा रही है। ऐसे में विद्यार्थी अपने स्तर पर डाटा जुटाने की जुगत कर रहे हैं।
सरकार की ई-अधिगम योजना के तहत 10वीं से 12वीं के विद्यार्थियों को टैबलेट तो दे दिए गए हैं, लेकिन इसका प्रयोग करने के लिए उनके पास सिम नहीं है। जिले के 1421 विद्यार्थी ऐसे हैं, जिनके पास सिम नहीं है और वे ऑनलाइन पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं। इन विद्यार्थियों को जिले में एयरटेल और जियो के सिम दिलवाए जा रहे हैं। विद्यार्थी स्कूल में वाईफाई से टैबलेट किसी तरह इस्तेमाल कर लेते हैं, लेकिन घर पर इसका प्रयोग नहीं पाते हैं।
वहीं स्कूल में वाईफाई तो मिल जाता है, लेकिन डाटा स्पीड नहीं मिल पाती है। एक साथ कई टैबलेट कनेक्ट होने से इंटरनेट डाटा समय से पहले खत्म हो जाता है। ऐसे में विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाई के लिए उन्हें वाई-फाई लेना पड़ता है अथवा वे अपने सिम के डाटा का इस्तेमाल करते हैं। इससे विद्यार्थियों के साथ अभिभावकों व अध्यापकों की सिरदर्दी भी बढ़ गई है। इसके लिए विभाग की ओर से सर्विस प्रोवाइडर को रिक्वेस्ट भेजी है, लेकिन वह लंबित हैं। इस साल ई-अधिगम योजना के तहत दसवीं से 12वीं के 23096 विद्यार्थियों को टैबलेट व सिम दिए जाने हैं।
इस सत्र में 10वीं में कुल 7869 विद्यार्थियों को सिम व टैबलेट दिए जाने हैं। इनमें से 7609 को सिम मिले हैं और 260 विद्यार्थियों वंचित है। वहीं 11वीं कुल 8323 विद्यार्थियों को सिम व टैबलेट दिए जाने हैं। इनमें से 7410 को सिम मिल है और 913 वंचित हैं। वहीं 12वीं में कुल 6904 में 6656 को सिम मिली है और 248 विद्यार्थियों के पास सिम नहीं है।
विद्यार्थियों को सिम उपलब्ध करवाने के लिए डिमांड भेजी गई है। यह वे विद्यार्थी हैं, जिनका आधार अपडेट नहीं है या पोर्टल पर अपलोड नहीं हो पाया है। इसके अलावा कई विद्यार्थी नए भी आए हैं। नए विद्यार्थियों का डाटा तैयार किया जा रहा है। इस माह के मध्य तक सभी को सिम कार्ड दे दिए जाएंगे। - कर्णवीर सिंह राठी, जिला गणित विशेषज्ञ।