यमुनानगर। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत हर रोज आरटीए विभाग की ओर से गतिविधियां कराई जा रही हैं। इसका उद्देश्य वाहन चालकों को नियमों के प्रति जागरूक करना है ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लग सके। वीरवार को जगाधरी में वाहन चालकों को प्रचार सामग्री बांटी गई।
प्रचार सामग्री में सड़क पर वाहन चलाते समय नियमों का पालन करने संबंधी बरती जाने वाली सावधानियां लिखी हैं। आरटीए इंस्पेक्टर विकास यादव ने बताया कि घने कोहरे में दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। यदि नियमों का पालन किया जाए तो दुर्घटनाओं से बचाव हो सकता है। सबसे अधिक एहतियात भारी वाहन चालकों को बरतनी चाहिए। इसके तहत ही भारी वाहन चालकों को प्रचार सामग्री बांटी गई।
इसके जरिये बताया गया कि शराब के नशे में गाड़ी न चलाएं। सीट बेल्ट लगाकर रखें। वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग न करें और वाहन चलाते समय उचित दूरी बना कर रखें। उचित दूरी न होना और मोबाइल का प्रयोग करना सबसे अधिक दुर्घटनाओं की वजह बनता है। वाहन चालक का ध्यान मोबाइल पर रहता है। इससे दूसरे वाहन से भिड़ने का खतरा बना रहता है। वाहन चालकों को बताया गया कि यदि रास्ते में कोई दुर्घटना हो जाती है तो डायल 112 व एंबुलेंस सेवा के लिए 108 पर काॅल करें।