संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। युवती और उसके परिजनों की ओर से रिश्ता करने से इन्कार किए जाने की रंजिश में आरोपी जावेद ने गांव देवधर में युवती पर चाकू से जानलेवा हमला किया था। प्रताप नगर थाना प्रभारी रोहतास कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमला करने वाला जावेद युवती अमिशा की मौसी का बेटा है। दोनों के बीच रिश्ते की बात चल रही थी, लेकिन बाद में युवती और उसके परिजनों ने इससे इन्कार कर दिया था। इसी बात को लेकर जावेद नाराज चल रहा था।
गांव देवधर में मंगलवार शाम को वह युवती के घर पहुंचा। उस समय घर पर कोई नहीं था। जावेद ने उसकी गर्दन पर चाकू से वार कर दिया था। गंभीर रूप से घायल अमिशा का ट्रॉमा सेंटर में उपचार चल रहा है। चिकित्सकों को उसकी गर्दन पर 20 से अधिक टांके लगाने पड़े। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। दूसरी ओर, वारदात के बाद से आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
घर में घुसकर गर्दन पर किया था वार
मंगलवार देर शाम जावेद देवधर स्थित अमिशा के घर पहुंचा और उस पर चाकू से हमला कर दिया। गर्दन पर गहरा घाव होने से युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। परिजन उसे पहले निजी अस्पताल लेकर गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर चोट को देखते हुए उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों ने उपचार के दौरान उसकी गर्दन पर 20 से अधिक टांके लगाए। फिलहाल युवती की हालत स्थिर है।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही पुलिस
प्रताप नगर थाना प्रभारी रोहतास कुमार ने बताया कि जावेद और अमिशा के बीच रिश्ते की बात चल रही थी, लेकिन युवती और उसके परिजनों ने रिश्ता करने से इन्कार कर दिया था। इसके बाद युवती पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। आरोपी के पकड़े जाने के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता चल सकेगा।
-