जगाधरी। रेलवे स्टेशन पर यात्री एक से दूसरे प्लेटफाॅर्म पर जाने के लिए जल्दबाजी में जान जोखिम में डालकर रेलवे लाइन पार कर रहे हैं।
हालांकि प्लेटफाॅर्म पर जाने के लिए पैदल पुल बना हुआ है लेकिन यात्री इसका इस्तेमाल कम करते हैं। जबकि रेलवे के नियमों के मुताबिक रेल लाइन पार करना अपराध है, जिसमें जुर्माना सहित सजा का प्रावधान है। काफी लोगों को इसकी जानकारी नहीं है और वे जागरूकता के अभाव में नियमों को तोड़ रहे हैं। वहीं अधिकारी भी जिम्मेदारी से बचने के लिए इस मामले को नजरअंदाज कर रहे हैं। स्टेशन पर रेल ट्रैक के बीच लोगों को घूमते देखा जा सकता हैं। इसकी जानकारी रेलवे सुरक्षा और राजकीय रेलवे पुलिस को भी है पर वे कोई कार्रवाई नहीं कर रहे।
जबकि रेलवे एक्ट के अनुसार लाइन क्रॉसिंग की धारा में 500 रुपये जुर्माना और छह महीने तक की सजा का प्रावधान है। जानकारी के अनुसार यमुनानगर जगाधरी स्टेशन पर दो व तीन नंबर प्लेटफाॅर्म पर ट्रेन आती है। मुख्य प्रवेश प्लेटफाॅर्म नंबर एक पर है और दो व तीन पर जाने के लिए प्रतीक्षालय के साथ पैदल पुल बना है।
लोग पैदल पुल का इस्तेमाल करने के बजाय ट्रैक पार कर प्लेटफाॅर्म पर जाते हैं। प्लेटफाॅर्म पर नंबर स्टेशन अधीक्षक, थाना राजकीय रेलवे पुलिस और थाना रेलवे सुरक्षा बल का कार्यालय बना हुआ है। इसके बाद भी नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों पर कोई कार्रवाई नहीं की जाती।