संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। गुदगुदी जंक्शन समूह यमुनानगर शाखा द्वारा मोती बाग की बैंक कॉलोनी स्थित निजी संस्थान में रविवार देर शाम संगीतमय कार्यक्रम भूले बिसरे गीत आयोजित किया गया। प्रतिभागियों अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
कार्यक्रम अधिकारी प्रवीण तनेजा ने बताया कि इस कार्यक्रम की मेजबानी पंडित रमेश कुमार शास्त्री और विकास तिवारी ने किया। जिसमें बड़ी संख्या में संगीतप्रेमी शामिल हुए। कुरुक्षेत्र से संस्थापक अध्यक्ष चंद्रमौली गौड़ की अध्यक्षता में हुए इस कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना से हुआ, जिसमें वरिष्ठ पदाधिकारी गुलशन ग्रोवर और पंकज शर्मा सहित स्वतंत्र शर्मा व नीलम तिवारी शामिल हुए।
चंद्रमौली गौड़ ने बताया कि समाज में संगीत की सेवा और गायकों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से गुदगुदी जंक्शन समूह, कुरुक्षेत्र की इकाई गाता रहे मेरा दिल, गीत गाता चल और गाते रहो बजाते रहो के तत्वावधान में अलग-अलग नगरों में लगातार नि:शुल्क म्यूजिकल इवेंट आयोजित किए जाते हैं, जिनमें प्रतिभागियों को अपना टैलेंट दिखाने का अवसर मिलता है। कार्यक्रम में 14 गायकों ने अपनी मधुर आवाज में फिल्मी गीतों से समां बांध कर श्रोताओं को झूमने पर विवश किया।
स्टार सिंगर प्रवीण तनेजा ने हमको सिर्फ तुमसे प्यार है.., पंकज शर्मा ने हाल क्या है दिलों का न पूछो सनम.., संयोग आनंद कौशिक ने जिंदगी के सफर में गुजर जाते हैं जो मुकाम.., हेमा ने बीते न बिताए रैना.., मनप्रीत कौर ने किस लिए मैंने प्यार किया.., चेतन स्वरूप ने वक्त करता जो वफा आप हमारे होते.., रविंद्र राणा ने कहीं दूर जब दिन ढल जाए.., नीरज गुप्ता ने नायक नहीं खलनायक हूं मैं.., राममेहर ने मेरा जीवन कोरा कागज..गीत की प्रस्तुति दी। इस दौरान पं. रमेश कुमार शास्त्री ने सभी लोगों को वैदिक पंचांग कैलेंडर भेंट किए और पदाधिकारियों को सम्मानित किया।