संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। स्पैशल सेल की टीम ने घर से गहने चोरी करने के मामले में घर के ही घरेलू सहायक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी गांव असगरपुर निवासी लतेश कुमार को उत्तराखंड के रुड़की क्षेत्र के से काबू किया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे चार दिन के रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से पूछताछ में अन्य चोरी की वारदात के बारे में गहनता से पूछताछ करेगी।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 23 मार्च को फिरोजपुर राइया निवासी एक परिवार किसी काम के लिए घर से बाहर गए थे। इसी दौरान आरोपी नौकर ने मौके का फायदा उठाकर दिनदहाड़े सोना-चांदी के जेवर चोरी कर लिए थे और मौके से फरार हो गया था। सूचना मिलते ही पुलिस ने टीम गठित कर जांच शुरू की। इंचार्ज रमन चंदेल ने बताया कि तकनीकी व गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी को ट्रेस किया गया। आरोपी पहले भी उसी घर में काम कर चुका था और घर की पूरी जानकारी होने के कारण वारदात को अंजाम दिया।