जगाधरी। दिवाली को लेकर बाजार में खूब रौनक है। इस बार भी दिवाली को लेकर बर्तन उद्योग में उछाल तो है, लेकिन पिछले साल की तुलना में इस साल उद्यमियों को ऑर्डर कम मिले हैं। बावजूद इसके उद्यमियों व कारोबारियों का कहना है कि यह दिवाली भी अपेक्षाकृत ठीक रहेगी। इस दौरान करीब पांच करोड़ रुपये फुटकर बर्तन बिक्री के कारोबार का अनुमान है। थोक व देश भर में चार से पांच सौ करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है।
उद्यमियों का कहना है कि पिछले साल की तुलना में इस बार करीब पांच फीसदी ऑर्डर कम मिले हैं, लेकिन बाजार में दिवाली को लेकर काफी उत्साह है, जिसे देखकर त्योहार पर औसत कारोबार की उम्मीद है। उद्यमी एवं कारोबारी राकेश अरोड़ा, सुभाष अरोड़ा, दर्शन लाल, देवेंद्र सिंह ने कहा कि चुनाव का इस पर काफी असर पड़ा है। इससे ऑर्डर कम मिले हैं और उत्पादन भी कम हुआ। जगाधरी में करीब 1000 सूक्ष्म, लघु और मध्यम धातु इकाइयां हैं।
जिसमें स्टेनलेस स्टील, एल्युमीनियम, पीतल और तांबे के बर्तन बनते हैं। यहां के बर्तन उद्योगों के लिए दिल्ली का सदर सबसे बड़ा बाजार है। व्यापार का 60 फीसदी हिस्सा सदर बाजार पर टिका हुआ है। इस बार नवरात्र, दशहरा पर बर्तन की सप्लाई में पचास फीसदी कमी रही। इसके बाद अब धनतेरस व दिवाली के लिए दिल्ली के सदर बाजार सहित देश के अन्य बड़े शहरों के ऑर्डर ही हैं।
उद्यमियों को पिछले साल अन्यों की अपेक्षा करीब 40 प्रतिशत ऑर्डर ज्यादा मिले थे। वहीं, इस बार इसमें पांच फीसदी तक की कमी आई है। जबकि कारोबारियों को उम्मीद थी कि इस बार उत्पादन 50 फीसदी अधिक रहेगा। परंतु चुनाव के कारण इसमें कमी रही। संवाद