संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। प्रशासन की ओर से गांवों में जनता दरबार लगाए जा रहे हैं। जिसके अंतर्गत प्रशासनिक अधिकारी विभिन्न गांवों में रात्रि ठहराव कर रहे हैं। सीटीएम पीयूष गुप्ता ने बताया कि प्रशासन की ओर से 30 जून सोमवार सुबह दस बजे छछरौली की ग्राम पंचायत जटहेड़ी के बारात घर में जनता दरबार लगाया जा रहा है। वहीं रात्रि ठहराव कार्यक्रम होगा।
पीयूष गुप्ता ने बताया कि डीसी पार्थ गुप्ता रात्रि ठहराव के दौरान ग्रामीणों से सीधा संवाद करेंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशों की अनुपालन जिला प्रशासन की ओर से प्रभावी ढंग से की जा रही है। इसी कड़ी में समाधान शिविर के साथ ही रात्रि ठहराव कार्यक्रम भी किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान सार्वजनिक व व्यक्तिगत समस्याओं को सुनकर उनका समाधान किया जाएगा।
सरकार की जनहितकारी नीतियों की जानकारी देने के लिए विभागीय प्रदर्शनी लगाई जाएगी। रात्रि ठहराव कार्यक्रम में सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यक्रम में निश्चित तिथि, समय व स्थान पर सभी अधिकारी पहुंचना सुनिश्चित करें।