यमुनानगर। थाना छप्पर क्षेत्र के गोलनी गांव में पंचायती गली के निर्माण को लेकर विवाद हो गया। निर्माण कार्य देखने पहुंचे गांव के मौजूदा सरपंच के साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगे हैं। सरपंच की शिकायत पर थाना छप्पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
गोलनी गांव के सरपंच अमित कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गांव में पंचायती गली का निर्माण कार्य चल रहा है। सरपंच होने के नाते वह निर्माण कार्य देखने के लिए मौके पर पहुंचे थे। आरोप है कि वहां मौजूद जोनी, जगपाल और वेदपाल ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ हाथापाई की और जान से मारने की धमकी दी।सरपंच ने मामले की शिकायत पुलिस को दी और घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराई है। पुलिस ने शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की। मामले की जांच डीएसपी राजत गुलिया को सौंपी गई है। डीएसपी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जल्द ही जांच पूरी कर ली जाएगी। संवाद