जगाधरी। महाराजा अग्रसेन महाविद्यालय में छात्र संसद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने समाज में बढ़ती नशे की समस्या और शिक्षा के प्रति जिम्मेदारियों पर अपने विचार रखे। सत्तापक्ष और विपक्ष में बंटे विद्यार्थियों के बीच इन विषयों पर तर्क-वितर्क हुआ। इस दौरान नशे के दुष्प्रभाव, युवाओं की भूमिका, शिक्षा का महत्व और जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने जैसे मुद्दों पर चर्चा की।
महाविद्यालय के प्रहरी क्लब और राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई-एक की ओर से रिफॉर्म उत्सव के तहत छात्र संसद करवाई गई। इसमें विद्यार्थियों ने संसदीय प्रक्रिया के अनुसार सदन की कार्यवाही में भाग लिया। दोनों पक्षों के विद्यार्थियों ने अपने विचार रखते हुए एक-दूसरे के तर्कों पर सवाल उठाए और प्रतिवाद प्रस्तुत किए। चर्चा में समाज में नशे की बढ़ती समस्या को युवाओं के भविष्य से जोड़कर देखा गया। वहीं शिक्षा और जीवन के लक्ष्य विषय पर विद्यार्थियों ने शिक्षा की भूमिका तथा लक्ष्य निर्धारित करने की आवश्यकता पर विचार रखे।
छात्र संसद में अक्षित ने लोकसभा अध्यक्ष की भूमिका निभाई और सदन की कार्यवाही संचालित की। सीरत, जान्या और सर्वजीत ने संसदीय समिति के सदस्यों के रूप में जिम्मेदारी निभाई। सूरज, धीरज, इशिका, सचिन, पार्थ और पूजा ने विभिन्न विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का संचालन प्रो. गौरव बरेजा और गरिमा के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम का समग्र प्रभार डॉ. अनिता के पास है। छात्र संसद का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, तार्किक चिंतन, अभिव्यक्ति कौशल और आत्मविश्वास विकसित करना रहा। इससे विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया, पक्ष-विपक्ष की भूमिका व स्वस्थ बहस के महत्व को समझने का अवसर मिला। वहीं, सामाजिक समस्याओं पर अपनी राय रखने और दूसरों के विचार सुनने का अभ्यास करवाया गया। संवाद
-