संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। नगर निगम के वार्ड 10 से निवर्तमान भाजपा पार्षद सुरेंद्र शर्मा का दावा है कि उनके कार्यकाल में 35 करोड़ रुपये के विकास कार्य हुए हैं। वहीं कई कॉलोनियों के लोग सफाई व जल निकासी व्यवस्था से संतुष्ट नहीं हैं। वार्ड में गंदगी कहीं जलभराव का मुद्दा है। साथ ही टूटी गलियों व स्ट्रीट लाइट की खराबी व कमी जैसी दिक्कतें भी हैं।
अक्तूबर-2018 के चुनाव में वार्ड अनारक्षित रहा। इस बार वार्ड बीसी-बी महिला के लिए आरक्षित है। ऐसे में भाजपा से निवर्तमान पार्षद सुरेंद्र शर्मा चुनाव नहीं लड़ सकेंगे पर भाजपा सहित कांग्रेस, इनेलो व अन्य दलों के अलावा कई नए चेहरे आजाद उम्मीदवार के तौर पर चुनावी मैदान में उतरने को तैयार हैं।
कई अपने दलों से खुद को प्रत्याशी बनाए जाने के इंतजार में अभी तक नामांकन नहीं कर पाए हैं। वहीं कई नामांकन प्रक्रिया के लिए विभागों व बैंकों से एनओसी व अन्य दस्तावेज जुटाने में ही लगे हुए हैं। वार्ड में पूर्वांचल के काफी लोग बसते हैं, इसलिए पूर्वांचल से संबंध रखने वाले कई दावेदार अपने दलों से टिकट और जनता से वोट पक्की करने के लिए खूब जोर लगा रहे हैं।
ऐसे ही बीसीबी वर्ग से कईयों ने पत्नी, बहन व बेटी को उम्मीदवार के तौर पर चुनाव में आगे किया है। इस तरह वार्ड में मुकाबला कड़ा हो गया है, वहीं इस बार यहां नई वार्डबंदी से वार्ड के क्षेत्र में कुछ बदलाव के साथ बढ़े बूथ व मतदाता भी चुनावी समीकरण बदल सकते हैं। क्योंकि अक्तूबर-2018 के चुनाव में कुल 11 बूथ पर 11635 मतदाता थे, वहीं इस बार चार बूथ बढ़कर 15 हो गए हैं, वहीं मतदाता भी 4168 बढ़कर 15803 हो गए हैं।
नई वार्डबंदी में क्षेत्र
आजादनगर, मुंडामाजरा, चौधरी कॉलोनी, ईस्ट भाटिया नगर, दुर्गा मंदिर के पीछे, डॉ. बग्गा के समीप क्षेत्र, बलवंत राय कॉलोनी, अशोका कॉलोनी, सिटी सेंटर रोड, तिलक मार्केट, बीसघरा मोहल्ला (बैक साइड आनंद मार्केट), विश्वकर्मा मोहल्ला, भाटिया मोहल्ला, यमुना गली, रेलवे कॉलोनी, रेस्ट हाउस रोड, दशमेश कॉलोनी, गोल्डन कॉलोनी, चून्ना भट्टी, न्यू यमना विहार, आय समाज मंदिर, जुब्बल हाउस, कमेटी स्टोर रामबाग कॉलोनी, हरिप्रसाद कॉलोनी, सोंधी मोहल्ला, यमुना विहार ओपी, खालसा कॉलेज के समीप का क्षेत्र।
आजादनगर गली नंबर 15 से राजन ने बताया कि वार्ड की कॉलोनियों में काफी प्लॉट व खुले स्थान हैं, जहां लगातार कचरा गिराया जा रहा है। गली से निकल रहा नाला गंदगी से जाम हैं। बारिश के दिनों में गंदगी व जाम नाले से निकासी ठप होने के साथ मलेरिया, डेंगू, डेंगी के भी क्षेत्र में काफी केस आते हैं। इसलिए मामले को गंभीरता से लेकर सफाई का सही प्रबंधन होना चाहिए।
आजादनगर गली नंबर नौ से गोल्डी ने बताया कि वार्ड में सरकारी स्तर पर कोई कम्युनिटी सेंटर नहीं है। इससे लोगों को अलग-अलग अवसरों पर कार्यक्रम कराने में परेशानी आती है। निजी पैलेस या बैंक्वेट हाल का ही सहारा लेना पड़ता है। वार्ड में कम्युनिटी हाल बनाया जाना चाहिए, क्योंकि अन्य कई वार्डों में कम्युनिटी हाल की सुविधाएं मिल गई हैं।
दशमेश कॉलोनी से सतेंद्र यादव ने कहा कि दशमेश कॉलोनी में बड़ा मुद्दा जलनिकासी का है। इसको लेकर कॉलोनी के लोग कई बार रोष प्रदर्शन भी कर चुके हैं। वहीं गत विस चुनाव के बहिष्कार का एलान कर मुख्य मार्ग के प्रवेश पर पोस्टर भी लगाया गया था। आश्वासन पर निवासी मतदान करने पर राजी हुए, पर अभी भी सफाई सही ढंग से नहीं हो रही है।
आजादनगर गली नंबर छह से अनिल कुमार ने बताया कि वार्ड में एक भी पार्क नहीं है, जिस कारण अधिकांश लोग साथ लगती पश्चिमी यमुना नहर किनारे सैर करते हैं, लेकिन नहर की पटरी का रास्ता पूरी तरह खराब है। यह कच्चा रास्ता उबड़-खाबड़ व खस्ता हाल है, जिससे आते जाते लोग गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। जलभराव की दिक्कत खत्म होनी चाहिए।
भाटिया नगर से राहुल मित्तल ने बताया कि वार्ड में बड़ी समस्या गंदगी की है। गुरुनानक खालसा स्कूल के बाहर भी हर दिन कचरा बिखरा रहता है। इसी रोड पर शहीद भगत सिंह चौक से कॉलेज आते समय मार्ग किनारे भी कचरा गिरा रहता है। ऐसे ही अन्य कई मार्गों व गलियों में कचरे के ढेर लगे रहते हैं। इस पर ध्यान देकर सुधार करने की जरूरत है।
यमुना विहार से रमन शर्मा ने बताया कि गुरुनानक खालसा कॉलेज के सामने यमुना विहार व आजादनगर की गली नंबर-14 की गलियां-सड़कें टूट गई हैं। यमुना विहार के मुख्य रास्ते में बने मैन हाल भी क्षतिग्रस्त हैं, जिनका गंदा पानी ओवरफ्लो होकर बार-बार सड़क पर बहता है। टूटी सड़कों पर आते-जाते वाहन चालक व राहगीर गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
निवर्तमान पार्षद सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि गलियों-सड़कों व नाले-नालियों सहित अन्य निर्माण कार्यों पर 35 करोड़ रुपये से ज्यादा के काम कराए हैं। जलनिकासी, सफाई, स्ट्रीट लाइट जैसी सेवाओं में भी सुधार के खूब प्रयास किए गए हैं,। इस बार वार्ड बीसीबी महिला के लिए आरक्षित होने पर पार्टी की ओर से चुनाव में जो जिम्मेदारी दी जाएगी उसे पूरा करेंगे।
वर्ष - बूथ - पुरुष - महिला - कुल
2018- 11 - 6333 - 5302 - 11635
2025- 15 - 8458 - 7345 - 15803
वार्ड 10 में 15 बूथों पर मतदाता
बूथ संख्या - पुरुष - महिला
145 - 463 - 416
146 - 780 - 658
147 - 616 - 588
148 - 652 - 494
149 - 372 - 311
150 - 671 - 565
151. - 577 - 523
152 - 694 - 599
153 - 511 - 488
154 - 617 - 491
155 - 420 - 390
156 - 351 - 320
157 - 618 - 561
158 - 608 - 451
159 - 508 - 490