संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। धनतेरस पर जिले के बाजारों में खूब धन वर्षा हुई। इस दौरान शहर सहित कस्बों के बाजार सुबह से देर रात तक गुलजार रहे। बाजार में खूब रौनक होने से व्यापारी गदगद रहे। गिलास से कार, झाडू से लेकर जेवर तक सभी सामानों की लोगों ने जमकर खरीदारी की। इस दौरान बाजार में 500 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार हुआ। बर्तन, कार, बाइक, स्कूटर, इलेक्ट्रानिक, जेवर, मोबाइल, लैपटॉप सहित अन्य सामान की जमकर बिक्री हुई। सोने-चांदी की चमक भी पूरी बरकरार रही।
दुकानों के साथ फुटपाथ व सड़क किनारे फड़ी व स्टाल लगाकर भी लोगों ने सामान बेचा। सुबह से बाजारों में भीड़ देखने को मिली। परंतु दोपहर बाद बाजारों में पांव तक रखने की जगह न रही। कारोबारियों का कहना है, कि धनतेरस के बाद अब दिवाली पर भी अच्छे कारोबार की उम्मीद है। यमुनानगर रेलवे स्टेशन रोड, वर्कशाप रोड, भगत सिंह चौक से महिला थाना, मॉडल टाउन, जगाधरी रेलवे रोड बाजार, सनातन धर्म चौक, पत्थरों वाला बाजार, देवी भवन बाजार, खेड़ा बाजार तमाम स्थानों पर भारी भीड़ रही। इस दौरान लोगों को परेशानी भी हुई, लेकिन त्योहारों के उत्साह में सभी ने इसे नजरअंदाज किया।
बर्तन नगरी के नाम से मशहूर जगाधरी के तमाम बाजारों में धनतेरस पर ग्राहकों की भारी रौनक रही। रेलवे रोड बाजार स्थित एमआर मेटल संचालक दिनेश गर्ग व गौरव गर्ग ने कि धनतेरस व दिवाली पर लोग सबसे ज्यादा बर्तनों की खरीदारी करते हैं। इस बार स्टील के साथ लोगों ने पीपल, तांबे, कांसे व फूल धातु के बर्तनों की जमकर खरीदारी की।
लोगों ने पहले से ही धनतेरस के लिए अपना ऑर्डर बुक करवा रखा था। इस दौरान एल्यूमीनियम के बर्तनों की खरीदारी न के बराबर रही। त्योहार के लिए बाजार में नए डिजाइन के बर्तन उपलब्ध हैं। कांसे के 51 बर्तनों का सेट 40 से 50 हजार रुपये तक बिका है। गिफ्ट देने के लिए भी लोगों कांसे, पीतल के बर्तनों की खरीदारी की।
शहर की सर्राफा दुकानों व शोरूम पर भी धनतेरस के दिन खूब रौनक रही। सोने का भाव 1.30 लाख होने के बावजदू लोगों ने इसकी खूब खरीदारी की। लोगों ने सोने-चांदी के सिक्के, लक्ष्मी-गणेश, चरण पादुका, सिहासन सहित अन्य पूजन सामग्री की भी खरीदारी की। ऐसे में शनिवार को तमाम सर्राफ कारोबारियों की दुकानें सुबह जल्दी खुली और शाम को देरी से बंद हुईं।
सोने के आभूषण में भी ग्राहकों ने दिलचस्पी दिखाई।धनतेरस के लिए लोगों ने पहले से ही ऑर्डर बुक कर रखे थे। जगाधरी रोड स्थित जूलरी शोरूम संचालक सुशील जैन ने बताया कि धनतेरस पर सोने-चांदी के सिक्कों की खरीद शुभ मानी जाती है। इस बार भी ऐसा ही रुझान देखने को मिला। जिन लोगों ने पहले से ऑर्डर बुक किए हुए थे, उन्होंने सोने-चांदी के सिक्कों की अलग से खरीदारी की।
दिनभर सड़कों पर रहा जाम
रेलवे स्टेशन चौक, वर्कशाप रोड के अलावा जगाधरी के खेड़ा बाजार, चौक बाजार में दिनभर जाम लगा रहा। भीड़ होने के बावजूद लोग बाजारों में कारों पर खरीदारी करने पहुंचे। अतिक्रमण के कारण पहले ही सड़कें तंग थीं, ऊपर से भीड़ ज्यादा थी, इसलिए दिनभर लोग सड़कों पर जाम से जूझते रहे। जगाधरी समेत कई बाजारों में जाम खुलवाने के लिए पुलिस व होम गार्ड के जवान लगाए गए थे। यातायात सुचारू बनाने रखने के लिए पुलिसकर्मियों को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी।
एक दिन में बिकीं 100 से ज्यादा कारें
धनतेरस पर मोबाइल शॉप से ऑटोमोबाइल के शोरूम तक खूब भीड़ रही। खरीदारी शुभ मानने के चलते इस दिन मोबाइल फोन की भी भारी बिक्री हुई। तमाम कंपनी के शोरूम पर लोगों की भीड़ दिखी। कारोबारियों के अनुसार इस दौरान करीब विभिन्न कंपनियों के 3,000 से ज्यादा मोबाइल फोन बिके। विभिन्न कंपनियों की 800 से ज्यादा बाइक, स्कूटर, इलेक्ट्रॉनिक ई-बाइक की बिक्री हुई। यही नहीं विभिन्न कंपनियों की 100 से ज्यादा कारों की बिक्री हुई। विभिन्न ऑटोमोबाइल एजेंसियों के प्रबंधक अमित कांबोज, रवि गर्ग, जितेंद्र अहुजा सहित अन्यों बताया कि धनतेरस पर उम्मीद के मुताबिक वाहनों की बिक्री हुई। इसके लिए लोगों ने पहले ही एडवांस बुकिंग करवा रखी थी। दिवाली के लिए कई वाहनों की बुकिंग हुई है, जिनकी डिलीवरी समय पर देने की तैयारी कर रहे हैं।
जगाधरी में बर्तन की खरीदारी करने के लिए लगी लोगों की भीड़। संवाद
जगाधरी में बर्तन की खरीदारी करने के लिए लगी लोगों की भीड़। संवाद
जगाधरी में बर्तन की खरीदारी करने के लिए लगी लोगों की भीड़। संवाद
जगाधरी में बर्तन की खरीदारी करने के लिए लगी लोगों की भीड़। संवाद
जगाधरी में बर्तन की खरीदारी करने के लिए लगी लोगों की भीड़। संवाद