सरस्वतीनगर। श्रद्धालुओं ने मंगलवार को सरस्वती नगर के मघरपुर रोड स्थित शीतला माता मंदिर में माता के चरणों में माथा टेककर परिवार की सुख-समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। इस दाैरान श्रद्धालुओं ने माता को गुलगुले, पूरी और चावल का प्रसाद अर्पित किया। परंपरा के अनुसार शीतला माता को बासी भोजन का भोग लगाया जाता है, इसलिए भक्तों ने एक दिन पहले तैयार किया गया भोजन माता को चढ़ाया। सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही
मंदिर के पुजारी महेंद्र कुमार और निर्मला देवी ने बताया कि शीतला माता को रोगों से रक्षा करने वाली देवी के रूप में पूजा जाता है। श्रद्धालु माता के दरबार में परिवार के स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना लेकर आते हैं। उन्होंने बताया कि जिनकी मनोकामना पूरी होती है, वे मंदिर में माता का थान लगाकर आभार व्यक्त करते हैं। स्थानीय निवासी सतपाल शंटी ने बताया कि कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी की ओर से मंदिर में शेड निर्माण के लिए ग्रांट दी गई थी, जिससे श्रद्धालुओं को सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं हैं। संवाद