संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। नगर निगम की तरफ से वीरवार को वार्ड नंबर 20 की रंजीत कॉलोनी में 14.88 लाख रुपये की लागत से विकास कार्य कराए जाएंगे। विकास कार्यों का शिलान्यास मेयर सुमन बहमनी व विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने पार्षद विक्रम राणा की मौजूदगी में किया।
नगर निगम की ओर से दो मुख्य गलियों का निर्माण व स्टॉर्म वाटर लाइन डालने का कार्य किया जाएगा। मेयर बहमनी ने बताया कि रंजीत कॉलोनी में प्रदीप चौहान के घर से लवप्रीत के घर तक और पाल स्वीट्स की दुकान से राधे ड्राई क्लीनर्स तक आरसीसी गलियों का निर्माण किया जाएगा। इस गलियों के निर्माण के साथ स्टॉर्म वाटर लाइन डालने का कार्य भी किया जाएगा। इन कार्यों से क्षेत्र के लोगों को आवागमन के साथ-साथ बरसाती पानी की निकासी की बेहतर सुविधा मिलेगी।
मेयर ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य शहर के प्रत्येक वार्ड में बिना किसी भेदभाव के मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना है। गलियों, नालियों, स्टॉर्म वाटर लाइन व अन्य जरूरी विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर करवाया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्य निर्धारित समयावधि में पूरे किए जाएं और गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न हो।
विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। इस मौके पर सहायक अभियंता सुरेंद्र दहिया, कनिष्ठ अभियंता विशाल चौहान, भाजपा मंडल अध्यक्ष शुभम राणा, महामंत्री दिनेश मनकट सहित अर्जुन, परवीन राणा, परवीन कुमार, राघव शर्मा, बलोचन सिंह आदि मौजूद रहे।