यमुनानगर। शहर को जल्द 1.16 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात मिलने वाली है। इनके लिए ई निविदा की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके तहत लक्ष्मी नगर व कालिंदी कॉलोनी में 82.49 लाख रुपये से गलियों के निर्माण सहित जल निकासी के काम होने हैं। साथ ही सेक्टर-18 और जम्मू कॉलोनी में दो-दो पार्कों में भी 34.27 लाख रुपये के कार्य होंगे।
गत चार फरवरी को नगर निकाय चुनाव की घोषणा पर आचार संहिता लागू हो गई थी, जो 12 मार्च को चुनाव परिणाम के बाद खत्म हुई। इस तरह करीब सवा माह शहर में नए विकास कार्य नहीं हो पाए। अब आचार संहिता खत्म होने पर नगर निगम की ओर से नए विकास कार्य कराने के लिए ई-निविदाएं लगानी शुरू कर दी गई हैं। शहर की 15 विज्ञापन साइट्स की तीन साल के लिए ठेके पर देने की निविदा लगाई गई। साथ ही वित्त वर्ष 2024-25 से डी-प्लान के दो कामों की दोबारा ई-निविदा लगाई गई, जिनमें 7.58 लाख रुपये से वार्ड चार के गांव बूड़िया स्थित जलघर में शौचालय का निर्माण, 5.08 लाख रुपये से वार्ड-17 के विश्वकर्मा चौक पर बस क्यू शेल्टर का निर्माण कार्य शामिल है।
गांव दड़वा स्थित डेयरी कांप्लेक्स में सड़कों व नाले-नालियों की सफाई व गोबर उठान का कार्य ठेके पर देने के लिए भी ई निविदा लगाई गई है। ऐसे ही वार्ड नौ की कालिंदी कॉलोनी में 40.14 लाख रुपये से राजकीय प्राथमिक स्कूल से नीलम के घर तक गली व नाली के निर्माण, वार्ड 17 के लक्ष्मी नगर में 42.35 लाख रुपये से एनपी-2 पाइप बिछाने सहित गली के निर्माण, वार्ड सात के सेक्टर-18 में 18.82 लाख रुपये से मकान नंबर-403 और 430 के समीप बने पार्कों में विकास कार्य, वार्ड 13 के जम्मू कॉलोनी में 15.45 लाख रुपये से शहीद रॉकी हर्बल पार्क और लाडो पार्क के गेट लगाने के कामों की ई निविदाएं लगाई गई हैं।
-
वर्जन-
शहर के लिए जो कार्य जरूरी हैं, उन्हें प्राथमिकता दी जा रही है। नियमानुसार ई निविदा के जरिए काम होने हैं। प्रयास रहेगा कि जल्द से जल्द काम शुरू व पूरे कराए जा सकें।- आयुष सिन्हा, आयुक्त, नगर निगम।
-