सरकारी राशन डिपो पर बायोमीट्रिक मशीन के जरिए राशन वितरण को लेकर उपभोक्ताओं समेत डिपो होल्डरों की दिक्कते थमने का नाम नहीं ले रही हैं। नवंबर माह में बायोमीट्रिक मशीन से शुरू की गई राशन वितरण की प्रक्रिया को एक माह बीत गया है, लेकिन अभी तक अधिकतर डिपो होल्डर 30 प्रतिशत परिवारों को ही राशन वितरित कर पाए हैं वहीं, पूरा माह राशन न मिलने से गरीब परिवारों को गुजर बसर करने में परेशानी हो रही है। सूरती देवी, पूजा बेदी, रोशनी, जीतो देवी, अमित, शांति देवी, आनंदप्रकाश ने कहा कि वह राशन लेने के लिए रोजाना डिपो होल्डर के बिक्री केंद्र पर चक्कर काट रहे हैं। हर बार मशीन में फिंगर प्रिंट का मिलान नहीं हो पाता है या फिर उनके नाम पर राशन का रिकार्ड नहीं होता है। पूरा माह यही हाल रहा और अब नवंबर माह खत्म होने से मशीन से उनका नवंबर माह का राशन अपने आप खत्म हो जाएगा। ऐसे में वह पूरा माह किस तरह परिवार का पालन-पोषण करेंगे। डिपो होल्डर नितिन कुमार ने कहा कि जब मशीन को ऑन किया जाता है तो स्क्रीन पर कृपा डाउनलोड नए डाटाबेस लिखा आता है। दिसंबर माह का रिकार्ड मशीन द्वारा दिखाया ही नहीं जा रहा है और नवंबर माह का रिकार्ड आटोमेटिक डिलीट हो जाएगा। जबकि अधिकतर उपभोक्ता ऐसे भी जिनको अभी तक नवंबर माह का राशन भी नहीं मिला है। ऐसे में उपभोक्ता और डिपो होल्डर दोनों की असमंजस की स्थिति में हैं कि इस माह में नवंबर व दिसंबर का इकठ्ठा राशन मिलेगा या फिर केवल दिसंबर माह का ही मिलेगा। उन्होंने बताया कि उनके पास लगभग साढ़े चार सौ राशन कार्ड हैं, जिसमें से लगभग डेढ़ सौ परिवारों को ही राशन मिल पाया है।
कंपनी के अधिकारी नया सर्वर लगाने के काम में लग गए हैं। इसमें कुछ समय लग सकता है। उन्होंने कहा कि राशन मशीन से ही बंटेगा। आला अधिकारियों ने निर्णय लिया है कि नवंबर माह में गरीबों को मिलने वाला राशन दिसंबर माह में वितरित किया जाए वहीं, दिसंबर व जनवरी माह का राशन जनवरी माह में वितरित किया जाएगा।
सुरेंद्र धौलरा, डीएफएससी, यमुनानगर।