यमुनानगर। जिले में डेंगू के दो और पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इनमें मुस्तफाबाद खंड के हसनपुर गांव का तीन साल का बच्चा और रादौर खंड के पोटली गांव की 55 साल की महिला है। इन्हें मिलाकर जिले में डेंगू पीड़ितों की संख्या चार हो गई है। डेंगू पीड़ितों के घरों और आसपास बड़ी संख्या में डेंगू के लार्वा मिले हैं।
हसनपुर गांव की महिला को बुखार होने पर परिजन उसे इलाज के लिए यमुनानगर के एक निजी अस्पताल में लेकर आए। यहां उसके रक्त की जांच करवाने पर उसे डेंगू की पुष्टि हुई। निजी अस्पताल की ओर से स्वास्थ्य विभाग को इसकी सूचना दी गई।
इसके बाद महिला के रक्त को सरकारी लैब में टेस्ट किए जाने पर उसकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई। वहीं, पोटली निवासी बच्चे का बुखार न उतरने पर परिजन उसे पीजीआई चंडीगढ़ ले गए। पीजीआई में बच्चे की रक्त की जांच के बाद उसे डेंगू निकला। पीजीआई प्रशासन ने इसकी सूचना जिला स्वास्थ्य विभाग को दी।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक डेंगू पीड़ितों का पता चलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम फौरन डेंगू पीड़ितों के घर पहुंची। हसनपुर में डेंगू पीड़ित 55 साल की महिला के घर में कूलर और छत पर रखे मटके मे बड़ी संख्या में डेंगू के कारक एडीज मच्छर के लारवा मिलें। उधर, पोटली गांव में डेंगू पीड़ित बच्चे के पड़ोसी की छत पर रखे पुराने टायर और गमले में बड़ी संख्या में लार्वा मिलें। टीम ने इन लार्वा को नष्ट किया।
इससे पहले बुड़िया के तीन साल के बच्चे व आजाद नगर में सात साल के बच्चे को डेंगू हुआ था। इन दोनों को इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ भर्ती कराया गया था, जहां से स्वास्थ्य विभाग को इसकी सूचना मिली थी। इन दोनों पीड़ितों के घरों व आसपास बड़ी संख्या में डेंगू के लार्वा मिले थे।
-डेंगू से इस तरह करें बचाव-
-डेंगू फैलाने वाला मच्छर साफ पानी में पनपता है। इससे बचने के लिए कूलर आदि का पानी प्रतिदिन या एक दिन छोड़कर बदलें।
-पानी की टंकियों को खुली न रखें।
-बेकार टायर, खाली बर्तन आदि में पानी खड़ा न होने दें।
-रात को सोते समय शरीर को ढक कर सोएं।
-डेंगू का मच्छर दिन के समय काटता है, इसलिए ऐसे कपड़े पहने जो बदन को पूरी तरह ढके।
-बुखार होने पर फौरन करवाएं जांच-
डेंगू के दो और मरीज मिलें है। फिलहाल दोनों की हालत में सुधार है। इनके घरों व आसपास डेंगू के लार्वा मिले थे, जिन्हें नष्ट करवा दिया गया है।
डॉ वीके जैन, जिला मलेरिया अधिकारी।