यमुनानगर। जिले में बुधवार को डेंगू के पांच नए केस मिले है। पांच नए केस में श्रीनगर कॉलोनी से 12 वर्षीय बच्ची, शादीपुर से 34 वर्षीय महिला, साढौरा के रामदासिया मोहल्ला में 35 वर्षीय युवक, कालिंदी कॉलोनी से 12 वर्षीय बच्ची, प्रोफेसर कॉलोनी से 23 वर्षीय युवती व पुराना हमीदा में तीन साल का बच्चा शामिल है। इसके साथ ही जिले में डेंगू के कुल केस की संख्या 69 हो गई है। पांच केस मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की तरफ से इनके घरों व आसपास फॉगिंग कराई गई। विभाग की तरफ से उनका उपचार कराया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग की लैब में मरीजों के रक्त के नमूनों की जांच की गई। रिपोर्ट में उनको डेंगू होने की पुष्टि हुई। इसके बाद विभाग की टीम उनके घर पर भेजी गई। इसके अलावा घरों में मच्छर के लारवा की जांच की गई। मरीजों के अलावा आसपास की गलियों में भी फॉगिंग की गई ताकि डेंगू के मच्छर को अन्य लोगों को काटने से रोका जा सके। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर डेंगू के मरीजों को देखते हुए यमुनानगर सिविल अस्पताल में आठ बेड रिजर्व कर दिए गए हैं। जिला मलेरिया अधिकारी एवं उप सिविल सर्जन डॉ. सुशीला सैनी ने बताया कि डेंगू के पांच केस एक साथ मिले हैं। अब जिले में डेंगू के कुल केस की संख्या 69 हो गई है। जहां पर डेंगू मिलता है वहां पर फॉगिंग करवाई जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि सप्ताह में एक दिन घरों व दुकानों पर ड्राई डे जरूर मनाए।