गांव झूरमाजरा के राजकीय प्राथमिक स्कूल में तैनात जेबीटी टीचर मानसिंह (44) की डेंगू से पीजीआई में मौत हो गई है। वह कई दिन से बुखार से पीड़ित था। यहां इलाज के बावजूद सुधार न होने पर परिजन वीरवार को मानसिंह को पीजीआई चंडीगढ़ ले गए थे, जहां डॉक्टरों ने डेंगू होने की पुष्टि की थी। मान सिंह हिसार का रहने वाला था।
जानकारी के अनुसार मानसिंह मोहल्ला सवानियां में किराए के मकान में रह रहा था। कुछ दिन पहल उसे बुखार हुआ तो परिजनों ने स्थानीय डॉक्टर से उसका इलाज करवाया। कई दिन तक इलाज के बाद भी स्वास्थ्य में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद परिजन पीजीआई ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
निवर्तमान सरपंच शीला देवी ने बताया कि काजियान मोहल्ला की एक महिला भी कई दिन से संदिग्ध डेंगू से पीड़ित थी। स्वास्थ्य विभाग से इलाके में फॉगिंग के लिए आग्रह किया था, लेकिन अभी तक फॉगिंग नहीं करवाई गई है।
पीजीआई से पुष्टि करेंगे : डा. नागर
सीएचसी के एसएमओ डॉ. राजेश नागर ने बताया कि जेबीटी शिक्षक मानसिंह की डेंगू से मौत होने के बारे में पीजीआई से पुष्टि करवाई जाएगी। कस्बे में फॉगिंग करवाने के लिए स्वास्थ्य विभाग को सूचित कर दिया गया हैै।