संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापनगर। फैजपुर के पास नेशनल हाईवे पर शराब के ठेके के विरोध में ग्रामीणों ने रोष प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेका नियमों के विरुद्ध चल रहा है। ठेके के कारण शरारती तत्व साथ छात्राओं और ग्रामीणों से बदतमीजी करते हैं। पंचायत की तरफ से आबकारी विभाग को ठेका हटाने के लिए शिकायत दी गई। इस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।
सरपंच अकरम, अरशद, आरिफ, नूरसैन, वाजिद, दिलशाद, हसन, तहरीर, अमजद, परवेज, जावेद, अनीस ने बताया कि हथिनी कुंड में नेशनल हाईवे के किनारे शराब का ठेका है। जिस कारण ग्रामीणों सहित पास लगते स्कूल कॉलेज के विद्यार्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ठेके पर शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है। इससे छात्राओं व महिलाओं का यहां से निकलना मुश्किल हो गया है।
सरपंच अकरम ने बताया कि शराब का ठेका नेशनल हाईवे के किनारे बना है। आबकारी विभाग के नियमों के तहत नेशनल हाईवे पर ठेका नहीं खोला जा सकता है। इसे लेकर आबकारी विभाग को पंचायत की तरफ से शिकायत कर चुके हैं। इसके बाद शराब का ठेका यहां से हटा दिया गया। कुछ दिन बाद फिर ठेका नेशनल हाईवे पर ही खोल दिया गया।
इससे पूरे गांव को परेशानी हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग इस पर कार्रवाई कर ठेका हटावाए, ताकि लोगों को परेशानी न हो। इस बारे में आबकारी विभाग के निरीक्षक मोहन सिंह ने बताया कि यदि शराब का ठेका नियमों के विपरीत खेला गया है तो निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी। इस बारे वे जांच करेंगे और उसके बाद कार्रवाई की जाएगी।