यमुनानगर। नेशनल होमगार्ड एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल बुधवार काे सीएम नायब सैनी से मिला। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व राष्ट्रीय संयोजक कर्मवीर अलेवा ने किया। इस दौरान एसोसिएशन की ओर से सीएम को ज्ञापन देकर गृहरक्षकों की परेशानियों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि गृहरक्षी विभाग में 5000 नई भर्तियां होने की अटकलों से उनमें रोष है।
उन्होंंने कहा कि प्रदेश के होमगार्ड को नियमित रूप से रोजगार नहीं मिल पा रहा है और ऐसे में होमगार्ड विभाग में और भर्तियां की जा रही हैं। इसी को लेकर कर्मवीर अलेवा ने कहा कि प्रदेश में 5000 गृहरक्षी भर्ती करने की सूचनाएं मिल रही हैं, लेकिन यह सही नहीं है। पुलिस महानिदेशक ने गृहरक्षक महानिदेशक से 5000 होमगार्ड की सेवाएं मांगी हैं। जिसके बाद यह कहा जा रहा है कि 5000 गृहरक्षी भर्ती किए जाएंगे। कर्मवीर ने कहा कि प्रदेश में गृहरक्षक की पंजीकृत संख्या 14025 है। जिसमें से 2300 पद रिक्त पड़े हैं। जबकि 11800 गृहरक्षक ही कार्यरत हैं। जिसमें से 9000 पुलिस में कार्यरत हैं। इस दौरान रोस्टर से गृहरक्षकों की ड्यूटी लगाई जाती है। नियमित ड्यूटी न होने से 1800 गृहरक्षक ऑफ ड्यूटी रहते हैं। कर्मवीर ने कहा कि जब पहले से पंजीकृत गृहरक्षकों के पास नियमित ड्यूटी नहीं है, तो पांच हजार स्वयं सेवकों की भर्ती बिल्कुल ठीक नहीं है। इससे जहां सरकार पर बोझ बढ़ेगा, बल्कि गृहरक्षक विभाग में भी स्थिति खराब हो जाएगी। विभाग को यदि अतिरिक्त गृहरक्षकों की आवश्यकता है तो पहले 1800 बेकार बैठे गृहरक्षकों को ड्यूटी दी जाए। वहीं पहले बिना किसी कारण के डिस्चार्ज किए स्वयंसेवकों को रोजगार देना चाहिए। कर्मवीर अलेवा ने कहा कि एसोसिएशन की ओर से प्रशिक्षित बेरोजगार बैठक प्रदेश के 2000 गृहरक्षकों को ड्यूटी देने की अपील की है। एसोसिएशन के इस कदम से जिले के गृहरक्षकों ने राहत की सांस ली है।