फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सौ-सौ गज के प्लाट लेने के मामले में नामजद खानपुर राजपुतान पंचायत के निवर्तमान सरपंच महेंद्र सिंह को गिरफ्तार करने की मांग की गई है। शिकायतकर्ता गांव मुरादपुर कपिल देव ने अंबाला में आईजी को इस बारे में शिकायत दी है।
दरअसल कपिल देव की शिकायत पर छप्पर पुलिस ने 24 फरवरी 2021 को खानपुर राजपुतान पंचायत के सरपंच महेंद्र सिंह पर धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज किया था। शिकायत में उसने बताया कि वह सरस्वती नगर ग्राम सभा का सदस्य है। कुछ साल पहले खानपुर राजपुतान गांव के कुछ लोगों ने सरकार की योजना के तहत सौ-सौ गज के प्लाट लेने के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि इस दौरान सरपंच महेंद्र सिंह ने फर्जी दस्तावेज तैयार करके गांव के कई ऐसे लोगों को भी सौ सौ गज के प्लाट दिलवा दिए, जिनके पास खुद की जमीन है। इसका पता उसे आरटीआई से चला।
सूचना के तहत सरकार की योजना का लाभ उठाने में कई ऐसे लोगों के भी नाम थे, जिनके पास अपनी जमीन व घर है। आरोप था कि सरपंच ने मिलीभगत व फर्जी दस्तावेजों के आधार पर प्लाट आवंटित किए हैं। उसने इसकी शिकायत सीएम विंडो पर दी। मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद उसने कोर्ट में याचिका दायर की। कोर्ट के आदेश पर छप्पर थाना पुलिस ने आरोपी सरपंच महेंद्र सिंह पर धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज किया था। छप्पर थाना प्रभारी रायसिंह का कहना है कि उनके स्तर पर कोई देरी नहीं है। कुछ सरकारी रिकॉर्ड मांगा गया है, कोरोना काल के कारण रिकॉर्ड नहीं मिला है। जल्द ही मामले में आगामी कार्रवाई की जाएगी।