संवाद न्यूज एजेंसी
साढ़ौरा। भाकियू के जिला अध्यक्ष सुभाष गुर्जर के नेतृत्व में शुक्रवार को किसानों ने रेस्ट हाउस में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा को ज्ञापन सौंपकर गन्ने के समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी और ग्रामीण क्षेत्रों के कच्चे रास्तों को पक्का कराने की मांग उठाई।
सुभाष गुर्जर ने कहा कि उचित मूल्य नहीं मिलने के कारण किसान गन्ने की खेती से दूरी बना रहे हैं। उनका कहना था कि पिछले करीब 12 वर्षों में गन्ने के दाम में केवल 100 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी हुई है, जबकि प्रति एकड़ गन्ने की खेती पर लगभग 80 हजार रुपये की लागत आती है। ऐसे में किसानों को लागत के अनुरूप लाभ नहीं मिल पा रहा।
उन्होंने सरकार से गन्ने का मूल्य 550 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित करने की मांग की। खंड प्रधान जनकराज पांडो ने भी मंत्री को ज्ञापन सौंपकर पांडो से कप्तान माजरी, पिलखनवाला से सफीलपुर तक कच्चे रास्तों को पक्का कराने तथा गांव नौशहरा के दो कच्चे गोहर के निर्माण की मांग उठाई। इस दौरान सुभाष शर्मा, संजू शामपुर, जसपाल, प्रदीप कुमार, कर्ण सिंह, शीशपाल, गुरनाम, जसबीर मारवा, जगमोहन सिंह, दयाराम, बलबीर सिंह मौजूद रहे।