संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। साढौरा में तीन दिन पहले 10 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म के प्रयास मामले में आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग लेकर विभिन्न सामाजिक संगठनों के युवाओं ने लघु सचिवालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान नारेबाजी कर रोष जताया। इसके बाद डीसी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि चिराग सिंघल व नितिन गुर्जर ने संयुक्त रूप से बताया कि तीन दिन पहले साढौरा में 10 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया था। इसमें आरोपी को लोगों ने मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया था। हमारी मांग है कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए देश में कानून तो बहुत बने हैं, पर उन्हें सख्ती से लागू किया जाए।
इस तरह की घिनौनी हरकत व दुष्कर्म के प्रयास वाले मामलों में आरोपी को तुरंत फास्ट ट्रैक कोर्ट में केस चलाकर एक माह में फांसी की सजा दी जाए, जिससे पीड़िता व उसके परिवार को न्याय मिल सकें और समाज में एक संदेश जाए। देशभर में प्रतिदिन इस तरह के मामले बढ़ते जा रहे हैं। इन पर रोक लगाने का एक ही तरीका है कि फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से इस तरह घिनौने कार्य करने वाले अपराधियों को फांसी की सजा तुरंत दी जाए।