यमुनानगर। दिवाली पर्व को लेकर बाजार में फूलों की मांग पांच गुना तक बढ़ गई है। घरों और मंदिरों को सजाने के साथ पूजा-पाठ के लिए लोग गेंदे के फूलों और मालाओं की खरीदारी कर रहे हैं। इसके अलावा आर्टिफिशियल फूलों और सजावटी सामान की भी खूब बिक्री हो रही है।
फूल विक्रेता नरेश, अमन और सुनील ने बताया कि सामान्य दिनों के मुकाबले पिछले दो दिनों से फूलों की मांग में काफी बढ़ोतरी हुई है। लोग घरों के मुख्य द्वार, मंदिर और पूजा स्थल सजाने के लिए गेंदे की मालाएं और खुले फूल खरीद रहे हैं। मांग बढ़ने के कारण फूलों के दाम में भी तेजी आई है। सामान्य दिनों में 70 से 100 रुपये किलो बिकने वाला गेंदा अब 90 से 120 रुपये किलो तक पहुंच गया है।
दुकानदारों ने बताया कि पहले जिले के किसानों से ही गेंदे के फूलों की आपूर्ति पूरी हो जाती थी, लेकिन इस बार मांग अधिक होने के कारण दूसरे जिलों से भी फूल मंगवाने पड़ रहे हैं। दिल्ली की गाजीपुर फूल मंडी भी फूलों के कारोबार का प्रमुख केंद्र है। वहां से भी फूलों की आपूर्ति की जाती है। दुकानदारों के अनुसार दिवाली के बाद भी दो दिनों तक फूलों की मांग बनी रहने की उम्मीद है।