संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। पहाड़ों पर हो रही लगातार बारिश से निचले इलाकों में भी पानी ने तबाही मचाई है। बारिश से होने वाले नुकसान और फसलों को खराब कर दिया है। बड़ी पाबनी के चतंग नदी के समीप बसे गांव हैबतपुर, मलिकपुर, महेश्वरी, कुलचंदू, पिंजौरा, जागधौली, नवांशहर, उधम गढ़ में बारिश में हुए जलभराव के कारण गांव में बनी पटरी पर कटाव हो गया।
गांव के संजीव कुमार, अशोक कुमार, फूलचंद कांबोज, मोहन राणा, राजिंद्र फौजी का कहना है कि हर साल चतंग नदी में आए बारिश के पानी से उनकी फसल खराब हो जाती है। प्रशासन को कई बार इसके स्थाई प्रबंध के बारे में कहा गया कि यहां पर पैच वर्क करवाया जाए, लेकिन अभी तक चतंग नदी के किनारों पर अभी तक पैचवर्क का कार्य नहीं हो पाया है।
हर साल चतंग नदी के किनारे लगने वाले खेतों में खड़ी फसल खराब हो जाती है। सरस्वती हेरिटेज बोर्ड के एसडीओ और जेई ने मौके का मुआयना किया और प्रशासन के द्वारा मिट्टी के कट्टे भरकर किनारे पर लगाने शुरू कर दिए। ग्रामीणों ने चतंग नदी पर स्थायी तटबंध बनवाने की मांग की है। राजीव राणा प्रतिनिधि ब्लॉक समिति मेंबर ने कहा कि चतंग नदी के साथ लगने वाले गांवों में अभी तक 40 एकड़ फसल खराब हो गई है।