संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। गांव चानौत के ग्रामीणों, किसान संगठनों एवं सामाजिक संगठनों ने शुक्रवार को भाकियू प्रदेश उपाध्यक्ष दीप राणा के नेतृत्व में वर्षों पुरानी पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की मांग उठाई है। इसके लिए मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम रादौर को ज्ञापन सौंपा गया है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि खानपुर वाटर वर्क्स से हांसी शहर को जाने वाली 36 इंच मुख्य पेयजल पाइपलाइन से गांव चानौत को छह इंच का कनेक्शन उपलब्ध कराया जाए। गांव को अमृत-2 योजना से जोड़ा जाए। गांव में लंबे समय से पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है। इस समस्या के समाधान की मांग को लेकर पिछले करीब 50 दिनों से गांव में शांतिपूर्ण धरना जारी है।
36 इंच की मुख्य पाइप लाइन गांव चानौत की जमीन से होकर गुजर रही है। हांसी तक पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया जा चुका है, लेकिन गांव चानौत को इसका लाभ नहीं मिल रहा। पाइपलाइन का आकार बढ़ाकर गांव को भी अमृत-2 योजना से जोड़ा जा सकता है, जिससे गांव की वर्तमान और भविष्य की पेयजल आवश्यकताओं की पूर्ति हो सकेगी। ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि इस व्यवस्था से हांसी शहर को मिलने वाले पानी में किसी प्रकार की कमी नहीं आएगी, बल्कि उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा। साथ ही अलग से मोटर, फीडर और नई पाइपलाइन बिछाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी, जिससे सरकार के लगभग तीन करोड़ रुपये तक की बचत हो सकती है।
ज्ञापन में अमृत-2 योजना के प्रावधानों का हवाला देते हुए कहा गया है कि योजना के मार्ग में आने वाले गांवों को भी पेयजल सुविधा उपलब्ध कराई जा सकती है। जनहित को देखते हुए चानौत गांव को योजना से जोड़ने की मांग पूरी की जाए।
संगठनों ने मुख्यमंत्री से गांव को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की है। इस अवसर पर अशोक ढांगी, साहिल सेतिया, मास्टर जांशेर, धर्मवीर अमलोहा, रोशन लाल पोटली, सतपाल पोटली, राजेश चमरोड़ी, रोहित दामला, योगेश्वर दत्त, जितेंद्र खजूरी, पवन दामला, उदय सिंह कुंजल मौजूद रहे।