यमुनानगर। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने राज्य संरक्षक जगजीत सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार को जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी धर्मेंद्र चौधरी से मुलाकात की। इस दौरान जेबीटी की समस्याओं समाधान की मांग उनके सामने रखी।
जगजीत सिंह ने जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी को बताया कि जिले में जेबीटी के एसीपी से संबंधित कई मामले काफी समय से आपके कार्यालय में लंबित पड़े हैं। इस पर जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी ने जल्द निपटाने का आश्वासन दिया। जिले के जेबीटी अध्यापकों के चिकित्सा प्रतिपूर्ति मामलों का जिला शिक्षा अधिकारी ने मौके पर ही निपटान कर दिया। सभी अध्यापकों की एलटीसी का बजट वरिष्ठता अनुसार आवंटित करने, स्थानांतरण उपरांत जिन विद्यालयों में अध्यापकों की कमी है, उनमें अध्यापकों की व्यवस्था करने, जिले की जेबीटी अध्यापकों की वरिष्ठता सूची जारी करने, मिड डे मील कुक, पार्ट टाइम स्वीपर, चौकीदार का वेतन बजट जारी करने और कार्यालय में लंबित मामलों का निपटान समय पर करने के मुद्दे रखे। इसमें जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि जल्द सभी प्रकार के बजट खंड शिक्षा अधिकारियों को उपलब्ध करा दिए जाएंगे। मौके पर राज्य कार्यकारिणी सदस्य महिपाल, पूर्व जिला कोषाध्यक्ष राकेश सैनी, पूर्व जिला वरिष्ठ उपप्रधान ललित कांबोज, मुकेश शर्मा, मनोज गुर्जर, शेखर चंद, राजेश कुमार, अमित जैन, यशपाल मौजूद रहे।