यमुनानगर। बूड़िया निवासी शुभम पर धोखाधड़ी का एक और केस दर्ज हुआ है। अब आरोपी ने जठलाना निवासी सोनिया ने लोन दिलाने के नाम पर दस्तावेज लेकर उन पर फाइनेंस पर मोबाइल व ड्रायर मशीन लेने का आरोप लगाया है। आरोपी ने इनकी किस्त जमा करवाने से भी मना कर दिया। दस दिन में आरोपी पर धोखाधड़ी का यह चौथा केस दर्ज हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जठलाना निवासी सोनिया देवी ने शहर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बूड़िया निवासी शुभम उसके पति का जानकार है। आरोपी ने उसके पति को कहा था कि उसे मोबाइल खरीदना है। वह उसे अपने दस्तावेजों पर मोबाइल दिलवा दे और उसने मेरे पति से कहा मोबाइल की किस्त वह खुद भरता रहेगा। उसका पति आरोपी शुभम की बातों में आ गया। इस दौरान उसके पति ने उसकी आईडी पर शुभम को अप्रैल 2023 में एक मोबाइल व ड्रायर मशीन दिलवा दी। जिसकी कुल कीमत 33,589 रुपये थी।
आरोपी ने मोबाइल का लोन अपने साथी प्रोफेसर कॉलोनी निवासी विकास की कंपनी से कराया। तब मोबाइल की 13 हजार रुपये डाउन पैमेंट अदा की थी। आरोपी ने उन्हें कहा कि वह इसकी किस्तें भरता रहेगा। वह उसके अकाउंट में किस्त के पैसे डालता रहेगा। जिससे किस्तें कटती रहेंगी। आरोप है कि मोबाइल लेने के बाद आरोपी ने बाद में किस्तें भरने से मना कर दिया। जब उन्होंने आरोपी से बात की तो आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। परेशान होकर उसने आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी। शहर पुलिस ने बाद आरोपी शुभम के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
अब तक ये केस हो चुके है दर्ज -
दूसरे व्यक्ति के दस्तावेजों पर फोन खरीदकर हड़पने के आरोपी बूड़िया निवासी शुभम पर दस दिन में धोखाधड़ी का यह चौथा केस दर्ज हुआ है। इससे पहले शहर जगाधरी पुलिस ने छह सितंबर को चुहुड़पुर कलां निवासी कविता रानी व नौ सितंबर को हडौली निवासी अंकित की शिकायत पर आरोपी शुभम के खिलाफ केस दर्ज किए थे। इसके बाद 13 सितंबर को गांव पीरूवाला निवासी विशाल ने शुभम पर लोन दिलवाने के नाम पर 35 हजार रुपये हड़पने व उसके दस्तावेजों पर आई फोन खरीदने का आरोप लगाया था। जिसमें बिलासपुर पुलिस ने आरोपी शुभम के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज किया था। फिलहाल आरोपी शुभम जेल में बंद है।