रेलवे रोड पर भाटिया बिल्डिंग के पास वेल्डिंग की दुकान के बाहर खड़ी नैनो कार में करीब 40 वर्षीय मजदूर नाथीराम का शव बरामद हुआ। मृतक मूलरूप से उत्तर प्रदेश के सहारनपुर का रहने वाला था। वह यहां वेल्डिंग की दुकान पर मजदूरी करता था और रात को अपने मालिक की नैनो कार में ही सो जाता था। उधर कार में शव मिलने से आसपास के एरिया में सनसनी फैल गई। जिसे भी घटना के बारे में पता चला वह दौड़ा दौड़ा वहां पहुंच गया। वहीं कार में शव मिलने की सूचना पर अंडर ट्रेनी एसपी, डीएसपी राजीव कुमार, सिटी थाना प्रभारी कमलजीत सिंह व फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया गया। उधर परिजनों को जब नाथीराम की मौत का पता चला तो वे तुरंत पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। आरोप है नाथीराम की साधारण मौत नहीं है उन्हें शक है उसकी हत्या की गई है। काफी माथापच्ची करने के बाद पुलिस परिजनों को शांत करने में सफल हुई। बरहाल मजदूर की मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर होगा।
जानकारी के अनुसार सूचना मिलने के बाद जीजा सचिन व अर्जुन, भाई हुनर सिंह, बहनें ज्योति, अंकिता, निशा और मां पाली देवी शवगृह पहुंची। नाथीराम की अचानक इस तरह से मौत हो जाने पर स्तंभ थे। उन्होंने कहा कि जब नाथीराम के मुंंह, कमर और पांव पर चोटी लगी हुई और खून निकल रहा तो उसकी सामान्य मृत्यु कैसे हो सकती है। उन्हें शक है किसी ने नाथीराम को मारा है। दोनों बहनों ने बताया कि उसके भाई नाथी राम के पास दो लड़कियां है। उधर, शहर थाना प्रभारी कमलजीत सिंह ने बताया कि मंगलवार सुबह उन्हें सूचना मिली थी कि भाटिया वेल्डिंग वर्कर्स दुकान के बाहर एक नैनो कार में एक व्यक्ति का शव पड़ा है। मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। शव की गहनता से जांच की गई। शव पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। मृतक की पहचान सहारनपुर निवासी नाथीराम है। वह यहां दुकानों पर मजदूरी करता था। भाटिया वेल्डिंग वर्कर्स की दुकान पर वह अक्सर मजदूरी करता था। मेहनत मजदूरी करने के बाद यहीं कार में ही सो जाता था। जांच में सामने आया है कि नाथीराम ने शराब का सेवन किया हुआ था। मौत की वजह का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर चलेगा। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों के बयान के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।