यमुनानगर। डीसी डॉ. एसएस फूलिया ने अनाज मंडी मुस्तफाबाद का औचक निरीक्षण किया। उनके साथ जगाधरी के उपमंडलाधीश प्रेम चंद, अनाज खरीद एजेंसियों के प्रतिनिधि, अन्य विभागों के अधिकारी व किसान भी उपस्थित थे।
अनाज मंडी मुस्तफाबाद में डीसी डॉ. फूलिया ने गेहूं के भरे कट्टों का वजन अपने सामने करवाया व गेहूं में नमी की चैकिंग करवाई। उन्होंने आढ़तियों को निर्देश दिए कि वे गेहूं का वजन सही ढंग से करें और समय समय पर वजन करने वाले कांटो को चैक करवाए।
इसके साथ-साथ सभी आढ़ती मण्डियों में आने वाली गेहूं का उठान भी नियमानुसार सही समय पर करवाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि वे अनाज मंडी में सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दें और मंडी में बिजली,
पेयजल व शौचालयों का विशेष ध्यान रखें ताकि आढतियों, किसानों व मंडी मजदूरों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और किसानों को कड़ी मेहनत से पैदा की गई अपनी गेहूं की फसल को बेचने में किसी प्रकार की दिक्कत न आएं। डॉ. फूलिया ने किसानों से भी अपील की कि वे अपनी गेहूं की फसल को अच्छी प्रकार से सुखाकर एवं साफ करके ही मंडियों में लाएं ताकि उन्हें अपनी फसल का उचित मूल्य मिल सके।