यमुनानगर। दिनदहाड़े आधे घंटे में चोरों ने बंद घर से हजारों की नकदी पर हाथ साफ कर लिया। चोरों ने इस बार नंदा कॉलोनी के एक घर को निशाना बनाया, जिसका मालिक निजाम्मुदीन सिर्फ आधे घंटे के लिए पत्नी के साथ करीब साढ़े 11 बजे घर से बाहर गया था। फिलहाल फर्कपुर थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
नंदा कॉलोनी निवासी निजाम्मुदीन ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ रहता है। बुधवार को उन्होंने किसी निजी काम से जाना था। इसके चलते वह सुबह साढ़े 11 बजे घर को ताला लगाकर पत्नी के साथ गया था। 12 बजे जब वह लौटा तो देखा घर का ताला टूटा हुआ है। जब कमरे में उसने देखा तो वहा रखी पेटी खुली हुई थी और उसमें रखी 70 हजार की नकदी थी गायब थी। पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। फर्कपुर थाना के एएसआई जांच अधिकारी यशपाल ने बताया कि शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।