गुलाबनगर कॉलोनी निवासी रिटायर्ड डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. अरूण गोयल के घर रविवार सुबह सनसनीखेज घटना हुई। उनकी 40 वर्षीय पुत्रवधू वंशिका उर्फ रितू ने अपने बाथरूम में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही मायके वाले करनाल से यमुनानगर पहुंचे और बेटी की हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया।
मायका पक्ष ने लगाया प्रताड़ना का आरोप
मायके वालों का आरोप है कि वंशिका को पिछले तीन साल से लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेलनी पड़ रही थी। अशोक जैन ने बताया कि बेटी को ताने दिए जाते थे और किसी न किसी बात को लेकर मारपीट होती थी। बेटी ने कई बार परेशानी बताई, लेकिन पति व ससुराल वालों ने उसे राहत नहीं दी। मायका पक्ष का आरोप है कि उनकी बेटी को मारकर शव को फंदे से लटकाया गया, ताकि आत्महत्या दिख सके।
पुलिस से हुई धक्का-मुक्की
मृतका का पोस्टमार्टम करवाने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मायके वालों ने अस्पताल परिसर में पुलिस से धक्का-मुक्की की। जांच अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि अस्पताल से महिला की मौत की सूचना मिली थी। पोस्टमार्टम कराया जा चुका है और शिकायत के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सभी पहलुओं को सामने लाकर कार्रवाई करेगी।