संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शिव नगर कैंप में बुधवार को घर के अंदर रसोई में गैस सिलिंडर रिसाव होने की वजह से आग लग गई। आग लगती देख परिवार सदस्य जान बचाकर तुरंत घर से बाहर निकल गए। उनके बाहर आते ही सिलिंडर में दो बार ब्लास्ट हुआ। पहले ब्लास्ट में घर के पहली मंजिल का लेंटर क्षतिग्रस्त हो गया तो दूसरे ब्लास्ट में दूसरी मंजिल के लेंटर का टुकड़ा टूट कर गिर गया। आग की लपटें गेट से बाहर तक निकलती रही। जिससे पड़ोसी के हाथ झुलस गए। सूचना मिलने पर पहुंची दमकल की एक गाड़ी ने कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया। आग लगने से रसोई में रखा सामान जल गया। शिव नगर निवासी अनिल प्रसाद ने बताया कि बुधवार को जैसे ही उसने सिलिंडर ऑन किया तो उसमें से आग निकलनी शुरू हो गई। आग लगी देख वह घबरा गया। अपने दोनों बच्चों सहित वह घर से बाहर निकल कर खड़ा हो गया।