संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। साइबर ठगी को लेकर पुलिस लोगों को अलग-अलग तरीकों से जागरूक कर रही है। बावजूद इसके लोग साइबर ठगी का शिकार हो रहे है। हर दिन साइबर ठगी के नए नए मामले सामने आ रहे हैं। इसी कड़ी में साइबर ठगों ने अलग अलग सात लोगों से लाखों रुपये ठग लिए। पुलिस ने सातों मामलों में अज्ञात लोगों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-17 निवासी अधिवक्ता श्याम सुंदर मेहता के पास अनजान नंबर से फोन आया था। काॅल करने वाले ने बताया कि वह वोडाफोन कंपनी का इंचार्ज अनिल गुप्ता बोल रहा है। आरोपी ने उसे बातों में उलझा लिया और टावर लगवाने का झांसा दिया। आरोपी ने उसे कहा था कि वह उनके गांव राझेडी में टावर लगवा देगा। इसके लिए आरोपी ने उससे 24 हजार रुपये भी ले लिए। यह रुपये गूगल पे के माध्यम से उसके खाते में डाले। इसके बाद आरोपी उससे एक लाख रुपये की और मांग करने लगा। जिस पर उसे रुपये देने से मना कर दिया। आरोपी ने उनके रुपये भी वापस नहीं किए और न ही टावर लगवाया। इस शिकायत पर सेक्टर 17 थाना पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज किया है।
सेक्टर 17 हाउसिंग बोर्ड निवासी विवेक शर्मा ने सेक्टर 17 थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पास अनजान नंबर से मोबाइल पर लिंक आया था। जैसे ही उसने लिंक पर क्लिक किया तो उसके पास एक ओटीपी आया। इस ओटीपी के माध्यम से उसके बैंक खाते से दो बार में 15 हजार 913 रुपये कट गए। जिस पर उसने संबंधित बैंक में भी इस बारे में शिकायत दी और खाता ब्लॉक कराया। इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है।
सुंदर नगर निवासी राहुल कुमार ने बताया कि वह निजी अस्पताल में ऑडियोलॉजिस्ट है। उनका एक कोरियर आना था। इस बीच उनके पास अनजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को कोरियर कंपनी का अधिकारी बताया और कहा कि तकनीकी समस्या की वजह से कोरियर दो दिन लेट हो जाएगा। यदि अभी कोरियर मंगवाना है तो उसके भेजे लिंक पर पांच रुपये डाल दो। ठग की बातों में आकर उसने पांच रुपये भेज दिए। इसके बाद उसके खाते से पांच हजार रुपये कट गए। जिस नंबर से फोन आया था, अब वह भी बंद आ रहा है। इस शिकायत पर सेक्टर 17 थाना पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
द्वारिकापुरी कॉलोनी निवासी हरदीप कौर ने बताया कि वह डीपीएस स्कूल में शिक्षिका है। 21 नवंबर को उनके मोबाइल पर अनजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने उसे कहा कि आपका कोरियर आया हुआ है। उसने एक अन्य नंबर से उनके पास लिंक भेजा। जैसे ही उसने लिंक ओपन किया तो उसका फोन हैक हो गया। ठग ने उसे कहा कि मोबाइल पर एक मैसेज आएगा। उस मैसेज को उसके नंबर पर भेज दें। उसकी बातों में आकर उसने आरोपी को मैसेज भेज दिया। इसके बाद उनके खाते से पांच हजार रुपये कट गए। जिस पर उन्होंने तुरंत बैंक में जाकर अपना डेबिट कार्ड बंद कराया और पासवर्ड भी चेंज किया। इस संबंध में उसने पुलिस को शिकायत दी । शहर जगाधरी थाना पुलिस ने मामले में अज्ञात पर केस दर्ज किया है।
बिलासपुर गांव मारवा खुर्द निवासी शीतल कुमारी ने बिलासपुर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने 28 मार्च को ऑनलाइन मंटुआर शाॅप से कुछ सामान खरीदा था। उस सामान में दिक्कत आने लगी तो उसे वापस करने के लिए दिए कस्टमर केयर नंबर पर फोन किया। कंपनी की ओर से उनके पास डिलीवरी ब्वॉय का नंबर भेजा गया। इसके बाद उनके मोबाइल पर एक लिंक आया जैसे ही उन्होंने लिंक पर क्लिक किया तो खाते से 36 हजार रुपये कट गए। मोबाइल पर मैसेज आने के बाद रुपये कटने का पता लगा। जिन नंबरों से उनके पास मैसेज आया था उन पर फोन किया, लेकिन किसी ने उसकी कॉल रिसीव नहीं की। पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है।
शिवपुरी ए निवासी मोहेंद्र पाल सिंह ने बताया कि 13 मई 2023 को उसकी बेटी जसप्रीत कौर का पासपोर्ट आना था। इसके लिए उसकी बेटी ने ऑनलाइन गूगल पर कोरियर सर्च किया। वहां से मिले नंबर पर उसकी बेटी ने फोन किया। फोन उठाने वाले व्यक्ति ने कोरियर ट्रैक करने के लिए लिंक भेज कर उस पर दो रुपये ऑनलाइन भेजने को कहें। उसकी बेटी ने उस लिंक पर पेटीएम के माध्यम से दो रुपये भेज दिए। इसके बाद 15 मई को उसके खाते से 99994 रुपये कट गए। उसकी बेटी ने दोबारा उस नंबर पर फोन किया तो वह नहीं मिला। इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ईस्ट भाटिया नगर निवासी चिराग महेंद्रू ने बताया कि उसका सेक्टर 17 में स्पाइसी सेवेंटीन के नाम से रेस्टोरेंट है। उसने वर्ष 2022 में एप्पल कंपनी से ईयर फाेन मंगवाए थे। इसी बीच उसके पास दस सितंबर 2022 को फोन आया। फोन करने वाले ने कहा कि वह डीटीडीसी कोरियर से बोल रहा है। तकनीकी दिक्कत की वजह से कोरियर डिले हो गया है। यदि कोरियर जल्दी चाहिए तो लिंक पर पांच रुपये भेजने होंगे। उसकी बातों में आकर चिराग ने लिंक को ओपन कर गूगल पे के माध्यम से पांच रुपये भेज दिए। इसके बाद उनके खाते से आठ बार में 40 हजार रुपये कट गए। शहर यमुनानगर थाना पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज किया।