संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। वैशाख माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया यानी अक्षय तृतीया को लेकर बुधवार को लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला। बाजार में उमड़ी ग्राहकों की भीड़ से कारोबारियों व व्यापारियों में भी भारी उत्साह देखने को मिला। लोगों ने बुधवार बाजारों से जमकर खरीदारी की।
शहर के बाजार ग्राहकों की भीड़ से गुलजार नजर आए। सबसे ज्यादा भीड़ सर्राफ, ऑटोमोबाइल व इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम पर सबसे ज्यादा भीड़ देखने को मिली। वहीं, मोबाइल शॉप पर भी अक्षय तृतीया पर अच्छी खासी भीड़ रही। कारोबारियों के मुताबिक अक्षय तृतीया पर करीब 60 से 70 करोड़ के कारोबार का अनुमान है। पौराणिक मान्यता के अनुसार अक्षय तृतीया पर खरीदारी करना अत्यंत शुभ होता है। इस दिन सोना-चांदी खरीदना शुभ माना गया है। ऐसे में शहर के कई बाजारों में दुकानदार और सर्राफा व्यापारी इसके लिए तैयारी कर रहे थे। ग्राहकों को लुभाने के लिए दुकानदारों की ओर से विशेष आकर्षण ऑफर भी उपलब्ध करवाए गए।
महंगाई के बावजूद सोने-चांदी के आभूषणों के साथ वाहनों की अच्छी बिक्री हुई। इसके अलावा बर्तन, विभिन्न धातुओं की अन्य सामग्री, कपड़े के अलावा इलेक्ट्रॉनिक की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ रही। इस दौरान लोगों ने फ्रिज, कूलर, एसी, एलईडी सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक्स सामानों की जमकर खरीदारी की।
इसके अलावा ग्राहकों को लुभाने के लिए बाजार में सर्राफा कारोबारियों ने विशेष ऑफर उपलब्ध करवाए। इस दौरान सर्राफ कारोबारियों ने सोने, चांदी व हीरे की खरीदारी करने पर मेकिंग चार्ज में छूट इत्यादि आकर्षक अवसर बाजार में उतारे। कई नामी कंपनियों अपने आभूषणों पर मेकिंग चार्ज में भारी छूट दी। लोगों ने भी ऐसे अवसरों का खूब लाभ और जमकर खरीदारी की।
गुलशन करवल ने बताया कि अक्षय तृतीय के उपलक्ष्य में जिलेभर में आभूषण की बिक्री हुई। इसके अलावा ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक के सामान की खूब खरीदारी हुई। ऑटोमोबाइल सेल्स के प्रबंधक संजय ने बताया कि अक्षय तृतीया पर लोगों ने अच्छी खरीदारी की। इस दौरान करीब दस करोड़ रुपये के दोपहिया व चौपहिया वाहनों की बिक्री हुई। वहीं, बर्तनों की दुकानों पर भी लोगों की काफी भीड़ देखने को मिली। बर्तन कारोबारी अनिल अरोड़ा, सुभाष अरोड़ा, धीरज ने बताया कि करीब पांच करोड़ रुपये के बर्तनों की बिक्री का अनुमान है।