संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शादी के सीजन की आहट से सराफा बाजार में रौनक के साथ-साथ सतर्कता का माहौल भी देखने को मिल रहा है। इसकी सबसे बड़ी वजह सोने-चांदी के रेट का चरम पर होना है। सोने-चांदी के दाम बढ़ने से ग्राहकों का रुख बदल गया है। अब ग्राहक देखने में भारी और वजन में हल्के गहनों की मांग कर रहे हैं।
वर्तमान में करीब 22 कैरेट सोना 1,34,300 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 2,80,000 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर चल रही है। ऊंचे रेट का सीधा असर बाजार की चाल और ग्राहकों की खरीदारी पर साफ नजर आ रहा है। सराफा कारोबारियों के अनुसार, रेट बढ़ने से बाजार में पूछताछ तो खूब हो रही है, लेकिन पहले जैसी खुलकर खरीदारी कम दिखाई दे रही है।
ग्राहक भाव पूछने के बाद सोच-विचार कर निर्णय ले रहे हैं। सामान्य दिनों की तुलना में बिक्री की रफ्तार धीमी जरूर है, लेकिन शादी सीजन के कारण बाजार पूरी तरह ठंडा भी नहीं पड़ा है। शोरूम और दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बनी हुई है, जिससे बाजार में हलचल दिखाई दे रही है।
भाव अधिक होने का सबसे बड़ा असर ग्राहकों के रुझान में बदलाव के रूप में सामने आया है। अब लोग भारी और वजनदार गहनों के बजाय हल्के वजन और सिंपल डिजाइन की ज्वेलरी पसंद कर रहे हैं। दुल्हन के लिए भी पहले जहां भारी सेट खरीदे जाते थे, वहीं अब लाइटवेट ज्वेलरी की मांग बढ़ गई है।
कई ग्राहक पुराने गहनों को एक्सचेंज कर नए गहने बनवाने को प्राथमिकता दे रहे हैं, ताकि बजट पर अतिरिक्त बोझ न पड़े। वहीं, चांदी में भी यही रुख देखने को मिल रहा है। भारी चांदी के बर्तन या मोटी पायल की जगह अब बिछिया, हल्की पायल और उपहार में दिए जाने वाले छोटे सिक्कों की मांग ज्यादा है। वहीं युवा वर्ग में हीरे के गहनों की ओर भी झुकाव बढ़ा है, क्योंकि इनमें वजन कम और डिजाइन ज्यादा आकर्षक होते हैं।
सत्यम ज्वेलर्स के मालिक सत्यम व दर्शन ज्वेलर्स के दर्शन लाल का कहना है कि शादी-विवाह की मजबूरी के चलते खरीदारी पूरी तरह रुक नहीं सकती। हालांकि ग्राहक अब जरूरत के हिसाब से सीमित खरीद कर रहे हैं और दिखावे से ज्यादा उपयोगिता पर ध्यान दे रहे हैं। कुल मिलाकर, ऊंचे रेट के बावजूद शादी सीजन की आहट से सराफा बाजार में संभली हुई रौनक बनी हुई है और आने वाले दिनों में कारोबार में और तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।