संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। सावन के पहले सोमवार को जिले के सभी मंदिरों में सुबह से देर शाम तक भीड़ देखने को मिली। सबसे ज्यादा भीड़ जिले के पौराणिक व प्राचीन मंदिरों में रही। भगवान शिव के दर्शन के लिए भक्तों की तड़के ही कतार लगने लगी थी। भीड़ के चलते प्रबंधक समितियों के साथ पुलिस का भी मंदिर में प्रबंध रहा। मंदिरों के बाहर मेले जैसा माहौल देखने को मिला।
पुराणों व शास्त्रों में सावन के सोमवार को सबसे ज्यादा महत्व बताया गया है। माह के पहल सोमवार को लेकर मंदिरों में विशेष प्रबंध किए गए थे। मंदिरों को फूलों व रंग बिरंगी चुनरियों से सजाया गया है। वहीं, भगवान शंकर, मां पार्वत के साथ शिवलिंग का भी शृंगार किया गया था। मंदिरों में भजन संकीर्तन के कार्यक्रम हुए। जिसमें भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी।
कई भक्तों ने पंडितों से मंत्रोच्चार के साथ विशेष पूजन व रुद्राभिषेक किया। मंदिरों के बाहर फूल, फल व प्रसाद वालों के स्टॉल पर भी लोगों की काफी भीड़ रही। लोगों की सुविधा के लिए दुकानदारों ने पूजा की स्पेशल थाली उपलब्ध करवाई। 51 रुपये की थाली में फूल, बेलपत्र, शहद, धूप, दीप व अन्य सामग्री उपलब्ध करवाई।
इस दौरान कलेसर स्थित कालेश्वर महादेव मठ, पातालेश्वर महादेव मंदिर, आदिबद्री केदारनाथ, भाटली स्वयं-भू शिवमंदिर, सूर्यकुंड मंदिर में सबसे ज्यादा भी रही। इसके अलावा गौरी शंकर मंदिर, सनातन धर्म मंदिर, राधाकृष्ण मंदिर, शक्तिमान मंदिर, देवीभवन मंदिर, श्रीमूर्तिदेवी मंदिर सहित तमाम मंदिरों में भक्तों की भीड़ रही। मंदिरों से बम बम भोले, हर हर महादेव के जयघोष दिन भर सुनाई देते रहे। मंदिर पूजा के लिए पहुंचे सोहन, प्रदीप, नितिन, राजकुमार, साहिल, सोनिया, मोनिका, मीनाक्षी, राधिका, तन्नु, उषा, कांता ने बताया कि वे सुबह जल्दी मंदिर आ गए थे। वे जानते थे कि सोमवार को ज्यादा भीड़ होती है। ऐसे में भीड़ से बचने के लिए वे जल्दी मंदिर पहुंच गए थे। इसके बावजदू मंदिर में भीड़ मिली।
मंदिरों में गूंजा बम-बम भोले
जगाधरी। सावन के पहले सोमवार को सेक्टर-17 की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित शिव मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। इस दौरान क्षेत्र बम बम भोले, हर हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा। भक्तों ने कतारबद्ध होकर भगवान शिव का पूजन व शिवलिंग का अभिषेक किया। मंदिर पुजारी जसपाल शर्मा ने बताया कि तड़के ही श्रद्धालु मंदिर पहुंचने लगे थे। भक्तों ने गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, फल-फूल इत्यादि अर्पित कर शिवलिंग का अभिषेक किया। मंदिर परिसर बोल बम बम बम, बम बम भोले और हर हर महादेव के घोष गुंजायमान रहा। संवाद