संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। त्योहारों के कारण हर दिन बाजरों में भारी भीड़ है। मंगलवार को धनतेरस पर भी शहर सहित कस्बों के तमाम बाजारों में खरीदारी के लिए भीड़ उमड़ी। भीड़ से दुकानदारों व व्यापारियों में भारी उत्साह है। लोग दिवाली सहित भैया दूज इत्यादि के लिए जमकर खरीदारी कर रहे हैं। इससे बाजारों में जाम की स्थिति है।
प्रशासन की ओर से कोई बंदोबस्त नहीं किया गया है। बाजारों में सुरक्षा की दृष्टि से कोई प्रबंधन नहीं किया गया है। फुटपाथ पर दुकानें सजी हुई हैं और लोग सड़क पर खड़े होकर खरीदारी कर रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि मुसिबत के दौरान यहां से आपातकालीन वाहनों का निकलना न मुमकिन है।
बाजारों से सुरक्षा के लिए पुलिस का प्रबंध है और लोगों की सुविधा के लिए नगर निगम की ओर से कोई इंतजाम किया गया है। बीच बाजार में सरेआम पटाखों की बिक्री हो रही है। जबकि पटाखे बचने के लिए प्रशासन की ओर से लाइसेंस के साथ निर्धारित जगह दी गई है। परंतु लोग बीच बाजार में पटाखे लगाकर बेच रहे हैं।
रेलवे स्टेशन रोड, न्यू मार्केट, पुराना रादौर रोड, पालिका बाजार, मीरा बाई बाजार, छोटी लाइन, जगाधरी वर्कशॉप रोड, जगाधरी छोटी लाइन, दुर्गा गार्डन, रेलवे रोड बाजार, पंसारी बाजार, खेड़ा बाजार, देवी भवन बाजार, पत्थरों वाला बाजार, जड़ौदा गेट, हनुमान गेट, गौरी शंकर मंदिर सहित तमाम स्थानों पर भारी भीड़ रही। हालात ऐसे थे कि शाम को बाजारों में पैर रखने की जगह नहीं थी। 500 मीटर की दूरी के लिए लोगों को एक एक घंटे का समय लग गया। इसके लिए प्रशासन की ओर से किसी तरह का बंदोबस्त नहीं किया गया।
न एंबुलेंस न दमकल की गाड़ी
बाजार में पुलिस और नगर निगम की ओर से सुरक्षा दृष्टि से कोई प्रबंधन नहीं किया गया है। चारों तरह बाजार में अव्यस्था देखने को मिल रही है। आपात समय से निपटने की तैयारियों का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि किसी बाजार में न तो एंबुलेंस तैनात की गई है और न ही दमकल की गाड़ी खड़ी की गई है। दुर्भाग्यवश कोई अप्रिय घटना होती है तो उस पर तुरंत काबू पाना मुश्किल रहेगा। इसके अलावा शहर के तमाम मुख्य चौराहों पर भी अव्यवस्था देखने को मिली। बदइंतजामी का खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है।