संवाद न्यूज एजेंसी
साढौरा। जिले में बढ़ते कोरोना संक्रमण के बाद पुलिस और प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। साढौरा के एक पैलेस में बुधवार रात को शादी समारोह करीब 100 लोग इकट्ठा हो गए थे। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम वहां पहुंच गई। प्रशासन की टीम देखकर अधिकतर इधर-उधर खिसकने लगे। पुलिस ने लड़की के पिता के खिलाफ लॉकडाउन के नियम तोड़ने का केस दर्ज किया है। पुलिस ने जांच के बाद मैरिज पैलेस संचालक के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है।
एचसी बलबीर सिंह के मुताबिक वह मुख्य सिपाही शिवचरण के साथ दोसड़का चौक साढौरा से बस स्टैंड की तरफ आ रहा था। एक पैलेस पहुंचे तो देखा कि अंदर व बाहर शादी समारोह हो रहा था। पैलेस के ग्राउंड में करीब 70 से 80 आदमी मौजूद थे। वहीं पैलेस के अंदर हाल में भी करीब 20 से 30 आदमी थे। जब उन्होंने पूछताछ की तो पता चला कि इलाके के एक व्यक्ति की लड़की की शादी का समारोह है।
जब पैलेस के अंदर व बाहर समारोह मे शामिल आदमियों से शादी की अनुुमति बारे पूछताछ की गई तो कोई भी उपमंडल अधिकारी व अन्य किसी अधिकारी से इस शादी समारोह के लिए परमिशन लेनी नहीं पाई गई। लड़की के पिता ने शादी समारोह की अनुमति न लेकर लोगों की भीड़ इकट्ठी करके कोविड 19 महामारी के चलते हरियाणा सरकार की ओर से जारी किए गए नियमों की अवहेलना की है। इसलिए इसके खिलाफ केस दर्ज किया गया।
लड़की का पिता के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच मैरिज पैलेस संचालक का भी कोई कसूर पाया जाएगा तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। -दीदार सिंह, साढौरा थाना प्रभारी