गांव नाचरौन में जमीनी विवाद को लेकर कुछ लोगों ने एक किसान के खेत की फसल उजाड़ दी। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उस पर डंडों व लाठियों से हमला कर दिया। घटना 13 मई की है। पुलिस ने मामले की जांच के बाद बुधवार देर शाम आधा दर्जन लोगों को नामजद करते हुए 11 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
गांव नाचरौन निवासी अजीत सिंह ने जठलाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका गांव के ही पदम सिंह के साथ कई वर्षों से जमीनी विवाद चल रहा है। इसी विवाद के चलते उसकी कई बार पदम सिंह के साथ कहासुनी हो गई। मगर अन्य लोगों के समझाने के बाद मामला शांत हो गया। अजीत ने बताया कि 13 मई को पदम सिंह ने अपने अन्य साथी विजेंद्र, जसविंद्र, नंदू, मोनू, पिंकू व 10-11 अन्य लोगों के साथ मिलकर उसकी जमीन पर खड़ी फसल को रौंद दिया। उसने जब इस बात का विरोध किया तो आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मारपीट की आवाज सुनकर जब गांव के अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। उसने घटना की सूचना जठलाना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद पदम सिंह, विजेंद्र, जसविंद्र, नंदु, मोनू, पिंकू को नामजद करते हुए 11 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। मामले में अभी आरोपी फरार चल रहे हैं।
डंडेे से हमला कर किया घायल
लवाना निवासी मोनी ने छप्पर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 18 अगस्त को वह किसी काम से जा रहा था, तो रास्ते में मनका का डेरा निवासी बंटी ने उस पर डंडे से हमला कर घायल कर दिया। आसपास के लोगों के आने पर आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी बंटी पर मामला दर्जकर लिया है।