गांव मंडी में ट्रैक्टर चलाकर फसल को नष्ट करते आरोपी। शिकायतकर्ता
यमुनानगर। गांव मंडी निवासी एक युवक ने कुछ लोगों पर खेत में खड़ी फसल को ट्रैक्टर चलाकर नष्ट करने और जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। मामले का पता लगने पर जमीन मालिक मौके पर पहुंचे।
इस दौरान आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। सदर यमुनानगर थाना पुलिस ने शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित ने धमकी देने की वीडियो बनाकर भी पुलिस को दी है।
गांव मंडी निवासी याकूब ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गांव में उसे विरासत में जमीन मिली है। कुछ दिनों से चाचा के बीमार होने पर वह उनके पास रह रहा था और गांव में भी खेती व जमीन पर अधिक ध्यान नहीं दे पा रहा थे। आरोप है कि गांव के ही कांसापुर निवासी आरिफ, जुनैद, मंडी निवासी अदरीश, नाजिम, तुजमल व पोंटी निवासी रूस्तम इस जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं।
आरोपी जमीन पर कब्जा करने की नीयत से वीरवार को ट्रैक्टर लेकर पहुंचे। उन्होंने खेत में खड़ी गेहूं की फसल पर ट्रैक्टर चला दिया। जिससे उन्हें हजारों रुपये का नुकसान हुआ। जब उन्होंने आरोपियों से मिलकर इस बात का विरोध जताया तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत के बाद कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज कर ली। संवाद