हरियाणा के यमुनानगर जिले के ब्लॉक छछरौली के गांव गनौली में खेत में काम कर रहे दो सगे भाइयों पर दो लोगों ने रंजिश के चलते फायरिंग कर दी। इसमें मुस्तकीम को एक गोली छाती और इकबाल की दाएं बाजू पर लगी।
घायलों को पहले छछरौली के अस्पताल में ले जाया गया जहां उनकी हालत को गंभीर देखते हुए उन्हें यमुनानगर ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। यहां डॉक्टरों ने मुस्तकीम को मृत घोषित कर दिया जबकि इकबाल का उपचार चल रहा है।
घटना देर शाम बुधवार की है। उस वक्त दोनों खेत में गन्ने की छिलाई कर रहे थे। इसी दौरान दो व्यक्ति बाइक पर आए और दो फायर कर दिए। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गये। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास कार्य कर रहे अन्य मजदूर पहुंचे और डायल 112 पर फोन किया।
इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। उधर छछरौली थाना पुलिस ने इकबाल के बयान दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी है। दोनों भाई मुस्तकीम और इकबाल गांव हाफिजपुर के रहने वाले हैं।
इस संबंध में मुस्तकीम व इकबाल के चाचा के लड़के खालिक ने बताया कि करीब तीन माह पूर्व शाहाबाद के विधायक के लड़के और खरींडवा के एक व्यक्ति ने गनौली में जमीन खरीदी थी। जिसका सौदा मुस्तकीम और खालिक ने कराया था। जमीन की देखरेख के लिए मुस्तकीम को केयर टेकर बनाया गया था।
इसी बात की रंजिश आरोपी रख रहे थे। इस जमीन पर बुधवार को गन्ने की फसल की छिलाई हो रही थी। इस छिलाई का जिम्मा मुस्तकीम पर था। बुधवार शाम को मुस्तकीम अपने बड़े भाई इकबाल के साथ यहां कार्य कर रहा था।
तभी बाइक पर दो व्यक्ति आए। इनमें से एक उनके पास आया और दो फायर कर दिए। जिसमें एक गोली मुस्तकीम को छाती तो दूसरी इकबाल की बाजू पर लगी। इसके बाद दोनों व्यक्ति मौके से फरार हो गये।
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल इकबाल के बयान दर्ज कर लिए हैं। आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए टीमें लगा दी गई है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।
-लज्जा राम, एसएचओ, थाना छछरौली।