यमुनानगर/खिजराबाद। बीकेडी रोड पर रामपुर खादर के नजदीक दो दिन पहले डंपर से निकले पहिए की चपेट में आने से घायल हुए शुभम की पीजीआई में उपचार के दौरान मौत हो गई। शुभम की मौत पर भड़के ग्रामीणों ने एक बार फिर बीकेडी रोड पर जाम लगा कर हंगामा किया। ग्रामीणों की मांग थी कि आरोपी डंपर चालक को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और पुलिस द्वारा ग्रामीणों पर दर्ज किए गए मुकदमे वापस लिए जाएं। सूचना मिलने पर डीएसपी हेडक्वार्टर उषा कुंडू, डीएसपी जगाधरी राजेंद्र कुमार और कई थानों के एसएचओ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। डीएसपी ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन ग्रामीण उन पर दर्ज मामलों को वापस करने की मांग पर अड़े रहे। लेकिन प्रशासन ने इस बात को मानने से मना कर दिया। गुस्साएं ग्रामीण फिर सड़क पर आ गए और हंगामा करने लगे। जिस पर पुलिस ने ग्रामीणों पर हल्का लाठीचार्ज किया और वाटर केनन से पानी की बौछारे कर सड़क से हटाया।
रामपुर खादर निवासी गोपी का 14 वर्षीय बेटा शुभम शनिवार शाम करीब पांच बजे किसी काम से हसनपुर जा रहा था। इस दौरान जगाधरी की तरफ से तेज गति से आ रहे डंपर का पिछला टायर निकल गया। डंपर से निकले टायर ने साइकिल सवार शुभम को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वह घायल हो गया। रविवार को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया, जहां उसकी मौत हो गई। शुभम की मौत से गुस्साएं सैकड़ों ग्रामीण सोमवार दोपहर बाद करीब तीन बजे एक बार फिर बीकेडी रोड पर बैठ गए और जाम लगा दिया। ग्रामीण यहां सड़क पर बैठकर शुभम के शव आने का इंतजार कर रहे थे। उनकी जिद थी कि वह शुभम का संस्कार तब तक नहीं करेंगे जब तक पुलिस ग्रामीणों पर बनाये गए मुकदमे वापस नहीं लेती। इसके अलावा डंपर चालक पर उचित कार्रवाई नहीं करती। ग्रामीणों की यह भी मांग थी कि बीकेडी रोड एक लिंक रोड है। इस पर से हैवी ट्रैफिक बंद की जाए। क्योंकि आए दिन इस रोड पर हादसे बढ़ रहे हैं। जाम लगाने की सूचना मिलते ही डीएसपी हेडक्वार्टर उषा कुंडू, डीएसपी जगाधरी राजेंद्र कुमार, सीआईए इंचार्ज संदीप कुमार, बुडिय़ा, छछरौली सहित कई थानों के एसएचओ पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान पुलिस प्रशासन ने भीड़ पर काबू पाने के लिए वाटर केनन से पानी की बौछार की और हल्का लाठीचार्ज किया। इससे ग्रामीणों की भीड़ तितरबितर हो गई। लेकिन कुछ देर बाद फिर ग्रामीण सड़क पर जमा हो गए। इस दौरान कुछ गांव के लोगों ने पुलिस अधिकारियों और ग्रामीणों से बातचीत की। वहीं ग्रामीणों को बैठकर बातचीत कर मामले का हल निकालने की बात कहीं। जिसपर ग्रामीण सड़क से उठने को तैयार हुए और शाम करीब पांच बजे जाम खोल दिया।
शव आने पर शांत हुए ग्रामीण
तीन बजे से सड़क पर बैठे ग्रामीण देर शाम करीब पौने पांच बजे शुभम के शव आने पर शांत हुए। कुछ देर पहले जो लोग शव का संस्कार न करने की बात कह रहे थे, उन्हें पुलिस और गावं के लोगों ने समझाया। जैसे ही शव रामपुर खादर में पहुंचा तो सड़क पर जाम लगा रहे सभी लोग उसकी ओर बढ़े, और जाम खोल दिया। देर शाम पुलिस मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार करवा दिया गया।
बॉक्स
रामपुर खादर के नजदीक जाम की सूचना पर वे पुलिस बल के साथ मौके पर गए थे। जाम खुलवाने के लिए कोई लाठीचार्ज नहीं किया गया। पुलिस ने सख्ती से जाम खुलवाने का प्रयास किया। ट्रकों में तोड़फोड़ करने के आरोप में दर्ज मामले वापस नहीं लिए जाएंगे। कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
राजेंद्र कुमार, डीएसपी, जगाधरी।