नगर निगम के वार्ड नंबर 20 स्थित शमशान घाट पर कुछ लोगों ने ताला लगा दिया है। तीन दिन से शमशान घाट पर ताला लटका हुआ है, जिसकी शिकायत दुकानदार ने सीएम विंडो व पुलिस में दी है।
अमरपुरी निवासी संजीव कुमार ने बताया कि शमशान घाट की दुकान उसने करीब आठ साल से किराए पर ली हुई है। शमशान घाट के अंदर गोदाम भी उसने किराए पर लिया हुआ है, जिसमें उसका सामान रखा हुआ है। अगस्त 2016 तक किराया भी जमा करवाया हुआ है। अगस्त में निगम का एक कर्मी आया और उसने बताया कि दुकानें अब नगर निगम की है, इसलिए आगे से निगम में किराया जमा करवाना होगा। वह निगम में किराया जमा करवाने गया, लेकिन वहां किराया जमा नहीं हुआ। जिसके बाद निगम ने उसे दुकान खाली करने का नोटिस भेजा था। उसने इसके खिलाफ कोर्ट में याचिका दायर की है, जहां से उसे स्टे मिल गया। संजीव ने बताया कि कुछ लोग उसे कई दिनों से दुकान खाली करने के लिए परेशान कर रहे हैं। हालांकि उनका इन दुकानों पर कोई हक नहीं है। इसके खिलाफ पुलिस में दी थी, जिस पर कालोनी के दो लोगों ने शमशान घाट के मेन गेट पर ही ताला लगा दिया है। लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। अब उसने सीएम विंडो पर भी इसकी शिकायत दी है। आरोप है कि आरोपी उसकी दुकानों पर कब्जा करना चाहते हैं।
उधर, वार्ड नंबर 18 के पार्षद नीरज राणा का कहना है कि इस तरह शमशान घाट पर ताला लगना गलत है। इससे लोगों को परेशानी हो सकती है। इसकी शिकायत पुलिस में दी गई है, लेकिन पुलिस भी कार्रवाई नहीं कर रही है।