कान में फोन की लीड लगाकर फाटक पार कर रहे एक युवक की ट्रेन चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया।
बिहार के जिला गोपालगंज में गांव उसरी निवासी विकास (22) खजूरी रोड स्थित फैक्टरी में मजदूरी करता था, जो खजूरी रोड स्थित गांव रायपुर में किराये के मकान में रहता था। शुक्रवार को वह पांसरा में अपने रिश्तेदार से मिलने के लिए जा रहा था। इसी दौरान जब वह पांसरा के रेलवे फाटक को पार करने लगा तो उसे ट्रेन ने अपनी चपेट में ले लिया। आसपास के लोगों ने विकास को गंभीर हालत में शहर के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां से उसे चिकित्सकों ने पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। लेकिन पीजीआई में विकास ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया।