यमुनानगर के जिला परिषद के उपाध्यक्ष अग्निविजय सिंह चौहान के फार्म हाउस पर अज्ञात ने फायरिंग कर उनकी कार के शीशे तोड़ दिए। यह वारदात हमीदा हेड स्थित उनके फार्म हाउस पर बुधवार-वीरवार की रात करीब डेढ़ बजे हुई। इस वारदात से पूर्व बुधवार दोपहर को गांव खजूरी में उनके पिता, भाई व नौकर के साथ राजपूत समाज के कुछ लोगों ने अभद्रता की थी।
नौकर के साथ मारपीट व जातिसूचक शब्द बोलकर अपमानित किया था। इस घटना के मात्र 14 घंटे बाद अग्निविजय के साथ यह वारदात हुई। सूचना मिलने पर शहर थाना प्रभारी पृथ्वी सिंह, फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की। पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज जांच शुरू कर दी है।
जिला परिषद के उप चेयरमैन अग्निविजय सिंह चौहान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका हमीदा हैड के पास खेतों में फार्म हाउस है। जहां पर वह करीब आठ साल से अपने परिजनों के साथ रहता है। फार्म हाउस का मेन गेट खुला रहता है। रात एक बजकर 20 मिनट पर उन्हें अचानक से धमाके की आवाज सुनाई दी।
पहले उन्हें लगा कि ट्रांसफार्मर में स्पार्किंग हुई होगी। जब बाहर आकर देखा तो उनकी आई-टेन कार की पिछला शीशा टूटा हुआ था। आरोप है कि किसी ने दहशत फैलाने के लिए यह फायर किया और उसकी कार का शीशा तोड़ा। उसने मामले की सूचना पुलिस को दी। शहर थाना प्रभारी पृथ्वी सिंह, हमीदा चौकी इंचार्ज गुरदयाल सिंह, सीन ऑफ क्राइम की टीम व अन्य पुलिसकर्मी घटनास्थल पहुंचे और मौका मुआयना किया। मौके से फिंगर प्रिंट जुटाए गए। पुलिस ने मामले में अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
14 घंटे पहले पिता, भाई व नौकर से हुआ था झगड़ा
अग्निविजय के फार्म हाउस पर फायरिंग से लगभग 14 घंटे पहले बुधवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे गांव खजूरी में उनके पिता देवेंद्र चौहान, छोटे भाई पृथ्वी सिंह व नौकर बरखा राम के साथ प्रदर्शन कर रहे राजपूत समाज के लोगों के साथ झगड़ा हुआ था। यह झगड़ा तब हुआ था जब राजपूत समाज के लोग कैथल में लगाई गई सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा के नाम के साथ गुर्जर शब्द लिखे जाने को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे।
जब जिला परिषद के वाइस चेयरमैन अग्नि विजय के पिता देवेंद्र चौहान, छोटा भाई पृथ्वी सिंह व उनका नौकर वहां से निकलने लगे तो प्रदर्शनकारियों ने उनके साथ बहसबाजी की और उनके नौकर से मारपीट की गई। आरोप है आरोपियों ने नौकर बरखा राम को जाति सूचक शब्द कहे और गाली गलौज करते हुए थप्पड़ लात मारते हुए कपड़े फाड़ दिए। जब पृथ्वी अपने नौकर को बचाने आया तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया।
इस मामले में जठलाना थाना पुलिस ने खजूरी निवासी परमवीर उर्फ सन्नी, साहिल राणा, राजू उर्फ नीतू, शिवम, लोकेश व राजकुमार पर मारपीट, जातिसूचक शब्द बोलने व अन्य धाराओं में केस दर्ज किया था। उधर, शहर थाना प्रभारी पृथ्वी सिंह का कहना है कि जिप उपाध्यक्ष अग्निविजय के फार्म हाउस पर हुई फायरिंग की सूचना पर वह मौके पर गए थे। मामले की जांच की गई। मामले में अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।